जनता की मांग पर खरे उतरे चंदन चौहान, रोहाना में एक्सप्रेस ट्रेन रुकवाकर पूरा किया वादा
रोहित त्यागी
मुजफ्फरनगर। कोरोना महामारी के दौरान मुजफ्फरनगर के रोहाना कलां रेलवे स्टेशन पर कई ट्रेनों का ठहराव बंद होने से क्षेत्र के ग्रामीणों और दैनिक यात्रियों को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीय लोग लगातार बंद किए गए ट्रेन स्टॉपेज को दोबारा शुरू कराने की मांग उठा रहे थे। अब क्षेत्रवासियों की इस पुरानी मांग को पूरा करते हुए रोहाना कलां स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेन के ठहराव की पुन: शुरुआत हो गई है।
बाइट : चंदन चौहान
शुक्रवार को रोहाना कलां रेलवे स्टेशन पर हुआ ठहराव का शुभारंभ
शुक्रवार को रोहाना कलां रेलवे स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेन के ठहराव की पुन: शुरुआत के अवसर पर बिजनौर से सांसद चंदन चौहान और उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री अनिल कुमार स्टेशन पहुंचे। दोनों जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। इसके बाद सांसद चंदन चौहान और अन्य जनप्रतिनिधियों ने रोहाना कलां से मुजफ्फरनगर तक ट्रेन में यात्रा कर इस सेवा की औपचारिक शुरुआत की।
ट्रेन के रोहाना कलां स्टेशन पर दोबारा रुकने से क्षेत्र के ग्रामीणों और दैनिक यात्रियों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है। लंबे समय से स्टॉपेज बहाल कराने की मांग कर रहे क्षेत्रवासियों के लिए इसे महत्वपूर्ण उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है।
जनता की पुरानी मांग थी—चंदन चौहान
मीडिया से बातचीत करते हुए सांसद चंदन चौहान ने कहा कि रोहाना कलां रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के ठहराव की बहाली क्षेत्र की जनता की पुरानी और प्रमुख मांग थी। उन्होंने इस पहल के लिए केंद्र और राज्य सरकार का धन्यवाद व्यक्त किया।
सांसद ने यह भी आश्वासन दिया कि रोहाना कलां रेलवे स्टेशन के विकास तथा क्षेत्र की ओर से रखी जा रही अन्य ट्रेनों के ठहराव से संबंधित मांगों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा।
ट्रेन के दोबारा ठहराव से क्षेत्रवासियों में भी खुशी का माहौल है। लंबे समय से उठ रही मांग के पूरा होने पर स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि आने वाले समय में स्टेशन पर यात्री सुविधाओं और अन्य ट्रेनों के ठहराव को लेकर भी सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे।

