चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम को मिलेगी आधुनिक खेल सुविधाओं की सौगात, मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने ₹20.70 करोड़ से अधिक के कार्यों का किया निरीक्षण
मुजफ्फरनगर। जनपद के खिलाड़ियों को जल्द ही आधुनिक खेल सुविधाओं का लाभ मिलने जा रहा है। शुक्रवार को उत्तर प्रदेश सरकार में व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम, मुजफ्फरनगर पहुंचकर शासन के निर्देशानुसार कराए जा रहे विभिन्न निर्माण एवं जीर्णोद्धार कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। स्टेडियम में ₹20.70 करोड़ से अधिक की लागत से विभिन्न निर्माण और जीर्णोद्धार कार्य कराए जा रहे हैं।

निरीक्षण के दौरान मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने नवनिर्मित भारोत्तोलन हॉल, वॉलीबॉल कोर्ट और बैडमिंटन क्रीड़ा हॉल के जीर्णोद्धार कार्यों की स्थिति देखी। इन कार्यों पर उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड द्वारा लगभग ₹814.82 लाख की लागत से कार्य कराया गया है।
इसके अलावा उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम लिमिटेड द्वारा लगभग ₹1,255.99 लाख की लागत से कराए जा रहे सिंथेटिक रनिंग ट्रैक के निर्माण कार्य का भी मंत्री ने निरीक्षण किया।

मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, बिजनौर की थर्ड पार्टी क्वालिटी ऑडिट (TPQA) टीम के सदस्यों के साथ निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। साथ ही कार्यों में तेजी लाते हुए उन्हें निर्धारित समय में पूरा कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि इन आधुनिक सुविधाओं के तैयार होने के बाद मुजफ्फरनगर के खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रशिक्षण के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध होंगे। इससे स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी खेल प्रतिभा को निखारने और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन करने में मदद मिलेगी।

कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार युवाओं और खिलाड़ियों को बेहतर से बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। मुजफ्फरनगर में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है और इन प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए आधुनिक खेल अधोसंरचना का विकास बेहद जरूरी है।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी निर्माण कार्य समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी तरीके से पूरे कराए जाएं, ताकि खिलाड़ियों को इन सुविधाओं का लाभ जल्द से जल्द मिल सके।
स्टेडियम पहुंचने पर उपक्रीड़ा अधिकारी भूपेंद्र सिंह यादव ने मंत्री कपिल देव अग्रवाल का बुके और शॉल भेंट कर स्वागत किया।
इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौड़, प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अनिल कुमार राणा, थर्ड पार्टी क्वालिटी ऑडिट टीम के सदस्य विकास कुमार एवं अनुराग, उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड इकाई सहारनपुर के अधिशासी अभियंता संजीव कुमार सिंह, उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम लिमिटेड इकाई सहारनपुर के परियोजना प्रबंधक पुष्पेंद्र कुमार वर्मा सहित संबंधित अधिकारी और विभिन्न समाजसेवी मौजूद रहे।
#RajsattaPost #Muzaffarnagar #KapilDevAgarwal #Sports #UPNews

