जाति की राजनीति सपा करती है, रालोद सर्वसमाज का दल: अनिल कुमार, G4-J4 विवाद और 2013 दंगों के पोस्टर पर भी बोले

रोहित त्यागी

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं राष्ट्रीय लोकदल के वरिष्ठ नेता अनिल कुमार ने मुजफ्फरनगर में प्रेस वार्ता कर आगामी सामाजिक समरसता सम्मेलन की जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने G4 गन्ना और J4 जनता/जाट को लेकर चल रहे विवाद, जिले के छपार व रामलीला टीला प्रकरण तथा वर्ष 2013 के मुजफ्फरनगर दंगों से जुड़े पोस्टरों को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया दी।

मंत्री अनिल कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय लोकदल के स्थापना दिवस के अवसर पर आगामी 20 सितंबर, रविवार को सुबह 11 बजे द प्लैटिनम बैंक्वेट हॉल के ग्राउंड परिसर में विशाल ‘सामाजिक समरसता सम्मेलन’ आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

‘G4 गन्ना और J4 जनता होता है’

प्रेस वार्ता के दौरान G4 और J4 को लेकर पूछे गए सवाल पर कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि G4 का मतलब गन्ना और J4 का मतलब जनता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल किसी एक जाति या बिरादरी की राजनीति करने वाला दल नहीं है।

मंत्री ने कहा कि जातियों और बिरादरियों की राजनीति करने का काम समाजवादी पार्टी करती है, जबकि रालोद किसान, युवा, दलित, पिछड़े, अगड़े और अल्पसंख्यकों सहित सर्वसमाज को साथ लेकर चलने वाला राजनीतिक दल है।

उन्होंने कहा कि रालोद की राजनीति किसानों और आम जनता से जुड़े मुद्दों पर केंद्रित है तथा पार्टी सभी वर्गों को साथ लेकर सामाजिक समरसता की दिशा में काम कर रही है।

छपार और रामलीला टीला प्रकरण पर बोले मंत्री

मुजफ्फरनगर के छपार और रामलीला टीला प्रकरण को लेकर मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि वह स्वयं मौके पर गए थे। उन्होंने कहा कि मामले में शासन और प्रशासन की ओर से तत्काल और कड़ी कार्रवाई की गई है।

उन्होंने कहा कि सरकार महिला सुरक्षा और सम्मान को लेकर पूरी तरह गंभीर है और इस तरह के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

2013 दंगों के पोस्टर पर जताई आपत्ति

वर्ष 2013 के मुजफ्फरनगर दंगों से जुड़े विवादित पोस्टरों के सवाल पर कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि समाजवादी पार्टी सरकार के कार्यकाल में हुआ दंगा बेहद दुखद था। उन्होंने कहा कि ऐसे पोस्टर लगाए जाना उचित नहीं है।

उन्होंने बताया कि प्रशासन की ओर से विवादित पोस्टरों को हटवा दिया गया है। मामले की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

मंत्री ने कहा कि समाज में शांति और सौहार्द बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है और किसी भी ऐसे प्रयास से बचना चाहिए जिससे माहौल खराब हो।

बाइट: अनिल कुमार, कैबिनेट मंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार एवं विधायक, पुरकाजी विधानसभा क्षेत्र (राष्ट्रीय लोकदल)

#Muzaffarnagar #RLD #AnilKumar #JayantChaudhary #SocialHarmony #UPNews #MuzaffarnagarNews #RajsattaPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed