रोहाना कलां रेलवे स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव पुनः शुरू, स्थानीय निवासियों और छात्रों में खुशी की लहर
रोहित त्यागी
मुजफ्फरनगर। कोरोना काल के दौरान बंद हुए ट्रेनों के ठहराव को दोबारा शुरू कराने के प्रयासों को बड़ी सफलता मिली है। मुजफ्फरनगर जिले के रोहाना कलां रेलवे स्टेशन पर दिल्ली-हरिद्वार एक्सप्रेस/अनारक्षित ट्रेन का ठहराव एक बार फिर शुरू हो गया है। ट्रेन के स्टॉपेज की पुनर्बहाली से स्थानीय निवासियों, छात्र-छात्राओं और नियमित यात्रियों में खुशी का माहौल है।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री एवं पुरकाजी विधानसभा क्षेत्र से विधायक अनिल कुमार ने कहा कि कोरोना महामारी के बाद रोहाना कलां क्षेत्र में कई ट्रेनों के स्टॉपेज बंद कर दिए गए थे। इसके चलते स्थानीय लोगों और यात्रियों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

मंत्री अनिल कुमार ने बताया कि क्षेत्रीय जनता की मांग, ज्ञापनों और मौखिक शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने इस मुद्दे को रेल मंत्री और सरकार के समक्ष लगातार उठाया। लंबे प्रयासों के बाद अब रोहाना कलां स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव दोबारा शुरू हो पाया है।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने रोहाना कलां से ट्रेन में बैठकर मुजफ्फरनगर तक का सफर भी किया। उन्होंने कहा कि ट्रेन का ठहराव पुनः शुरू होने से क्षेत्र के आम यात्रियों, गरीब तबके के लोगों और छात्र-छात्राओं को बड़ी सुविधा मिलेगी। खासतौर पर मुजफ्फरनगर से दिल्ली और हरिद्वार की ओर जाने वाले यात्रियों को इससे राहत मिलेगी।
कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने ट्रेन का स्टॉपेज बहाल होने पर प्रधानमंत्री, रेल मंत्री और रालोद प्रमुख जयंत चौधरी का धन्यवाद और आभार व्यक्त किया।
इस दौरान बिजनौर सांसद चंदन चौहान, रोहाना गन्ना समिति के अध्यक्ष अनिल त्यागी, क्षेत्रीय जिला पंचायत सदस्य दुष्यंत त्यागी सहित क्षेत्र के हजारों गणमान्य लोग मौजूद रहे।
बाइट: अनिल कुमार, कैबिनेट मंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार एवं विधायक, पुरकाजी विधानसभा क्षेत्र (राष्ट्रीय लोकदल)
#Muzaffarnagar #RohanaKalan #RailwayNews #UPNews #RLD #RajsattaPost

