आरक्षण और UGC के मुद्दे पर त्यागी भूमिहार महासभा का बड़ा ऐलान, हरिद्वार से दिल्ली तक निकलेगी पदयात्रा

हरिद्वार,भगवानपुर। त्यागी भूमिहार महासभा की भगवानपुर स्थित संगठन कार्यालय पर अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अक्षु त्यागी, राष्ट्रीय संरक्षक सुनील त्यागी, मुजफ्फरनगर से ममता त्यागी, राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रतिनिधि सोनू त्यागी मुबारकपुर सहित संगठन के प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में आगामी 13 सितंबर, रविवार को हरिद्वार की हर की पौड़ी से दिल्ली के जंतर-मंतर तक पदयात्रा निकालने का निर्णय लिया गया। संगठन के अनुसार, यात्रा के दौरान हर की पौड़ी से जल लेकर दिल्ली जंतर-मंतर तक पैदल मार्च किया जाएगा।

संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अक्षु त्यागी ने कहा कि यह पदयात्रा मुख्य रूप से आरक्षण और UGC से जुड़े मुद्दों को लेकर निकाली जा रही है। उन्होंने कहा कि संगठन आरक्षण के खिलाफ नहीं है, लेकिन आरक्षण का लाभ वास्तविक जरूरतमंद और पात्र लोगों तक पहुंचना चाहिए। उनका कहना है कि आर्थिक रूप से सक्षम लोगों को भी आरक्षण का लाभ मिलने की व्यवस्था पर सरकार को पुनर्विचार करना चाहिए।

बैठक में UGC से जुड़े नियमों को लेकर भी संगठन ने आपत्ति जताई। पदाधिकारियों का कहना है कि इन नियमों से सवर्ण समाज के विद्यार्थियों के बीच असहजता और भय का माहौल पैदा होने की आशंका है। संगठन ने सरकार से इस विषय पर भी विचार करने की मांग की।

वहीं संगठन के राष्ट्रीय संरक्षक सुनील त्यागी ने सवर्ण समाज के लोगों से पदयात्रा में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह यात्रा अपने मुद्दों और अधिकारों की आवाज को लोकतांत्रिक तरीके से सरकार तक पहुंचाने का प्रयास है। उन्होंने समाज के लोगों से एकजुट होकर 13 सितंबर को हरिद्वार पहुंचने और पदयात्रा में शामिल होने का आह्वान किया।

संगठन के मुताबिक, हरिद्वार से शुरू होने वाली पदयात्रा दिल्ली के जंतर-मंतर पहुंचेगी, जहां संगठन की ओर से आगे के आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी।

#RajsattaPost #AnujTyagiPost #TyagiSamaj #Muzaffarnagar

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *