भोपा के बेलड़ा में वंश की मौत का मामला: रिजवान समेत 6 आरोपी गिरफ्तार, 3-4 पुलिस टीमों और फ्लड पीएसी ने गंग नहर से बरामद किया शव

मुजफ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र के बेलड़ा गांव में मेले के दौरान हुए विवाद के बाद गंग नहर में डूबे युवक वंश का शव बुधवार, 2 सितंबर को बरामद कर लिया गया। पुलिस ने इस मामले में रिजवान समेत 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई की है। शव की तलाश के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में 3 से 4 पुलिस टीमों के साथ फ्लड पीएसी को लगाया गया था।

जानकारी के अनुसार, 31 अगस्त 2026 को भोपा थाना क्षेत्र में मेले के दौरान कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि विवाद के बाद बड़ी संख्या में युवक लाठी-डंडे लेकर दूसरे पक्ष के युवकों का पीछा करने लगे। इसी दौरान अपनी जान बचाने के लिए वंश समेत कुछ युवक भागते हुए गंग नहर के पास पहुंचे और नहर में छलांग लगा दी।

बताया गया कि गंग नहर में पानी का बहाव तेज था। इसी दौरान वंश पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गया और डूब गया। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया तथा वंश की तलाश शुरू की गई।

ग्राम प्रधान ने बताई घटना की पूरी जानकारी

बेलड़ा गांव के ग्राम प्रधान तरुण कुमार के अनुसार, मेले में किसी बात को लेकर युवकों के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद करीब 12 से 15 लोगों ने युवकों का पीछा किया और कथित तौर पर ईंट-पत्थर भी बरसाए गए। जान बचाने के लिए युवक गंग नहर की तरफ भागे और नहर में कूद गए। इसी दौरान वंश पानी में डूब गया।

ग्राम प्रधान ने बताया कि वंश के पिता की बचपन में ही मृत्यु हो चुकी थी। परिवार में तीन बहनें हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति भी बेहद कमजोर बताई गई है।

बाइट – ग्राम प्रधान

परिजन ने लगाया गंभीर आरोप

मृतक के मामा के लड़के ने बताया कि मेले में अर्जुन नाम के युवक को फोन करके बुलाया गया था। इसके बाद बेलड़ा गांव के कुछ युवक लाठी-डंडे लेकर उनके पीछे पड़ गए। परिजन का आरोप है कि युवकों को नहर के पास घेरने का प्रयास किया गया, जिसके बाद जान बचाने के लिए उन्होंने नहर में छलांग लगाई और वंश की डूबने से मौत हो गई।

घटना के बाद मृतक के परिजनों ने उत्तर प्रदेश सरकार और प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। परिजनों ने दोषियों के मकानों पर बुलडोजर चलाने और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिए जाने की मांग भी की है।

मृतक के मामा का लड़का

पुलिस ने 6 आरोपियों को किया गिरफ्तार

मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रिजवान समेत 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार सभी गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेजने की कार्रवाई की जा चुकी है।

एसपी देहात ने बताया कैसे बरामद हुआ शव

एसपी देहात महाडिक अक्षय संजय ने बताया कि 31 अगस्त 2026 को थाना भोपा पर मुकदमा पंजीकृत किया गया था। मुकदमे के अनुसार वंश ने झगड़े के कारण विपक्षियों से बचने के लिए गंग नहर में छलांग लगाई थी।

उन्होंने बताया कि मामले में 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा चुकी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में शव की तलाश के लिए 3 से 4 पुलिस टीमों को लगाया गया था। इसके साथ ही फ्लड पीएसी की मदद भी ली गई।

Sp देहात, अक्षय संजय

लगातार तलाश के बाद 2 सितंबर 2026 को वंश का शव गंग नहर से बरामद कर लिया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एसपी देहात के मुताबिक, मौके पर वर्तमान में पूर्ण शांति व्यवस्था बनी हुई है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस की कार्रवाई के बाद अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

#Muzaffarnagar #Crime #RajsattaPost #AnujTyagiPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *