चरथावल पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के 3 वांछित अभियुक्तों को 12 घंटे में किया गिरफ्तार
राजसत्ता पोस्ट|असलम त्यागी
मुजफ्फरनगर जनपद के थाना चरथावल पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित चल रहे तीन अभियुक्तों को महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों पर संगठित गिरोह बनाकर भोले-भाले लोगों को बहला-फुसलाकर धर्म परिवर्तन कराने तथा भौतिक एवं आर्थिक लाभ प्राप्त करने के आरोप से संबंधित मुकदमा दर्ज है।
पुलिस के मुताबिक, मामले में थाना चरथावल पर मुकदमा अपराध संख्या 53/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं और उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन अधिनियम-2021 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने साक्ष्य एकत्र कर आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया। इसके बाद जिलाधिकारी द्वारा अनुमोदित गैंग चार्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 160/2026 में धारा 2/3 गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
इसी मुकदमे में वांछित चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चरथावल पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही थी। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने मौ. गुफरान (45), मौ. सूफियान (56) और सोनू उर्फ शादाब (30) को कस्बा चरथावल से नहर के रास्ते कुटेसरा मोड़ नहर पुल के पास से करीब 12:15 बजे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी ग्राम कसौली के निवासी हैं।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी की और उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया। पुलिस की इस कार्रवाई को वांछित आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महत्वपूर्ण कार्रवाई बताया जा रहा है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सत्यनारायण दहिया, वरिष्ठ उपनिरीक्षक विजय प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल हरेन्द्र सिंह और रिजर्व कांस्टेबल प्रकाश चौधरी शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि वांछित अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

