13 वर्षीय गैंगरेप पीड़िता ने SSP से लगाई इंसाफ की गुहार, SSP ने तत्काल लिया संज्ञान; एस्कॉर्ट गाड़ी से भिजवाया थाना सिखेड़ा

पीड़ित परिवार को सुरक्षा का भरोसा, थाना प्रभारी को निष्पक्ष और कड़ी कार्रवाई के सख्त आदेश

राजसत्ता पोस्ट|असलम त्यागी 

मुजफ्फरनगर जनपद के सिखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव भण्डूरा में 13 वर्षीय नाबालिग किशोरी से कथित सामूहिक दुष्कर्म और परिवार को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने स्थानीय पुलिस पर मामले में लापरवाही बरतने और कार्रवाई में देरी करने के आरोप लगाए हैं। लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर परिवार बुधवार को मुजफ्फरनगर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्यालय पहुंचा और न्याय की गुहार लगाई।

पीड़ित पिता की शिकायत के अनुसार, 16 जुलाई 2026 की सुबह करीब चार बजे उनकी 13 वर्षीय बेटी नलकूप पर पानी भरने गई थी। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोसी अरुण पुत्र कल्लू और उसका साथी शुभम पुत्र राजेन्द्र उर्फ विनोद किशोरी को जबरन जंगल की ओर ले गए। परिवार का आरोप है कि दोनों आरोपियों ने किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और घटना के बारे में किसी को बताने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी।

परिजनों के मुताबिक, किशोरी की तलाश करते हुए उसकी मां अंजो और चाची अंगूरी मौके पर पहुंचीं, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग गए। परिवार का आरोप है कि घटना के बाद जब वे सिखेड़ा थाने पहुंचे तो उनकी शिकायत पर अपेक्षित गंभीरता से कार्रवाई नहीं की गई। पीड़िता के बयान दर्ज कराने में भी कथित तौर पर टालमटोल किए जाने का आरोप परिवार ने लगाया है।

मामले में उस समय नया विवाद खड़ा हो गया, जब परिवार के मुताबिक 31 अगस्त को आरोपी पक्ष की कुछ महिलाएं डंडे लेकर उनके घर में घुस गईं और मारपीट करते हुए मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि उन्हें और उनके बच्चों को लगातार धमकियां दी जा रही हैं।

पीड़िता ने SSP कार्यालय पहुंचकर अपनी आपबीती सुनाते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। वहीं उसकी मां ने आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष के कई लोग परिवार पर दबाव बना रहे हैं और उन्हें केस वापस लेने की धमकी दी जा रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए SSP ने पीड़ित परिवार की बात सुनी और उन्हें न्याय एवं सुरक्षा का भरोसा दिलाया। इसके बाद SSP ने संवेदनशीलता दिखाते हुए अपनी पुलिस एस्कॉर्ट गाड़ी से पीड़िता और उसके परिवार को सिखेड़ा थाने भिजवाया। साथ ही थाना प्रभारी को फोन पर सख्त निर्देश देते हुए मामले में बिना किसी देरी के निष्पक्ष जांच और प्रभावी कानूनी कार्रवाई करने को कहा।

अब SSP के सख्त निर्देश के बाद सिखेड़ा पुलिस की कार्रवाई पर पीड़ित परिवार और ग्रामीणों की नजर है। पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed