अंकित बालियान हत्याकांड: ₹ 50-50 हजार के दो इनामी शार्प शूटर पुलिस मुठभेड़ में ढेर, दो पुलिसकर्मी घायल

राजसत्ता पोस्ट|असलम त्यागी

शामली जनपद में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में शामली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्याकांड में वांछित दो 50-50 हजार रुपये के इनामी शार्प शूटरों को पुलिस मुठभेड़ के बाद ढेर कर दिया। दोनों बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हुए थे। उपचार के दौरान जिला संयुक्त चिकित्सालय, शामली में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, मारे गए बदमाशों की पहचान मोहित पुत्र स्वर्गीय महेश, निवासी मकान नंबर 183, बईयापुर खुर्द, थाना सदर, जनपद सोनीपत, मूल निवासी ग्राम जटवाड़ा, थाना सदर, सोनीपत तथा सुमित पुत्र धर्मपाल, निवासी फ्लैट नंबर 1420, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, जी ब्लॉक, केडीआई, कुंडली, सोनीपत, मूल निवासी ग्राम ककरौही, थाना सदर, सोनीपत के रूप में हुई है। मोहित की उम्र करीब 22 वर्ष और सुमित की उम्र करीब 24 वर्ष बताई गई है।

कैराना रोड पर हुई मुठभेड़

पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त 2026 को थाना कोतवाली शामली, थाना झिंझाना और स्वाट टीम शामली की संयुक्त पुलिस टीम कार्रवाई में जुटी थी। इसी दौरान कैराना रोड स्थित इंडियन गैस गोदाम के पास पुलिस और दोनों इनामी बदमाशों का आमना-सामना हो गया।

पुलिस का कहना है कि बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। पुलिस की गोली लगने से दोनों बदमाश घायल हो गए। मुठभेड़ के दौरान स्वाट टीम के हेड कांस्टेबल हरविंदर और प्रदीप भी गोली लगने से घायल हुए।

घायल दोनों बदमाशों को तत्काल उपचार के लिए जिला संयुक्त चिकित्सालय शामली ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उपचार के दौरान दोनों को मृत घोषित कर दिया।

हथियार और अन्य सामान बरामद

पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से हथियार और अन्य सामान भी बरामद किया है। बरामदगी में—

02 पिस्टल, 10 जिंदा कारतूस और 09 खोखा कारतूस, 30 बोर, 01 अन्य पिस्टल, 16 जिंदा और 06 खोखा कारतूस,01 स्प्लेंडर मोटरसाइकिल 01 बैग 01 मोबाइल फोन 5,000 रुपये नकद शामिल हैं।

पुलिस ने बरामद हथियारों और अन्य सामान को कब्जे में लेकर मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

मोहित पर 14, सुमित पर एक मुकदमा

पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक अभियुक्त मोहित के खिलाफ हरियाणा में करीब 14 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं सुमित के खिलाफ एक मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिली है। पुलिस दोनों के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।

अंकित बालियान हत्याकांड में थे वांछित

दोनों बदमाश अंकित बालियान हत्याकांड में 50-50 हजार रुपये के इनामी शार्प शूटर बताए गए थे। पुलिस इस हत्याकांड से जुड़े अन्य आरोपियों और उनकी भूमिका की भी जांच कर रही है।

शामली पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अब हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश और मामले की आगे की जांच पर पुलिस का फोकस है। घटना के संबंध में थाना कोतवाली शामली में वैधानिक कार्रवाई प्रचलित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *