अखिलेश यादव से शौयब राणा की मुलाकात से बुढ़ाना में सियासी हलचल, 2027 को लेकर दावेदारी की चर्चाएं तेज
अर्जुन पंवार
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां तेज होने लगी हैं। इसी बीच समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष कुँवर शौयब राणा की लखनऊ में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात ने बुढ़ाना विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।
लखनऊ में हुई इस मुलाकात को शौयब राणा ने सुखद और सकारात्मक बताया। मुलाकात के दौरान संगठन को मजबूत करने, युवाओं की भूमिका और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक एवं संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा होने की बात सामने आई है।
शौयब राणा ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में युवाओं और यूथ संगठन से जुड़े पदाधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि पार्टी को मजबूत करने के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है और संगठन के स्तर पर लगातार कार्य किया जा रहा है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में समाजवादी युवजन सभा के सक्रिय चेहरों में शुमार शौयब राणा की बुढ़ाना विधानसभा क्षेत्र में भी राजनीतिक सक्रियता चर्चा में रहती है। उनकी संगठनात्मक गतिविधियों और युवाओं के बीच सक्रियता के साथ-साथ उनके पिता मुन्तज़िर राणा की पुरानी समाजवादी पृष्ठभूमि को भी राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अखिलेश यादव से मुलाकात के बाद बुढ़ाना विधानसभा सीट को लेकर शौयब राणा की संभावित दावेदारी की चर्चाएं एक बार फिर तेज हो गई हैं। हालांकि पार्टी की ओर से अभी किसी नाम को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन राजनीतिक हलकों में शौयब राणा को 2027 के लिए संभावित दावेदारों में शामिल कर चर्चा की जा रही है।
अब देखना होगा कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी बुढ़ाना सीट पर किस चेहरे को मैदान में उतारती है। फिलहाल अखिलेश यादव और शौयब राणा की मुलाकात ने बुढ़ाना की सियासत में चर्चाओं का माहौल जरूर गर्म कर दिया है।
#RajsattaPost #AnujTyagiPost #Muzaffarnagar

