नेपाल में फंसे यूपी के नागरिकों की मदद के लिए 1070 हेल्पलाइन जारी
लखनऊ, 26 अगस्त। नेपाल में आई भीषण बाढ़ और प्राकृतिक आपदा के बीच उत्तर प्रदेश सरकार ने वहां फंसे प्रदेश के नागरिकों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1070 जारी किया है।
राहत आयुक्त कार्यालय के अनुसार, नेपाल में यदि कोई यूपी का नागरिक फंसा है या उसे किसी तरह की मदद की जरूरत है, तो उसके परिजन तत्काल 1070 पर संपर्क कर सकते हैं। सरकार ने नागरिकों की सुरक्षित वापसी और आवश्यक सहायता के लिए भारतीय एवं नेपाल दूतावासों से भी संपर्क किया है।
दूतावासों से नेपाल में फंसे उत्तर प्रदेश के नागरिकों की जानकारी मिलने पर उसे राहत आयुक्त कार्यालय के साथ साझा करने को कहा गया है, ताकि जरूरतमंदों तक जल्द मदद पहुंचाई जा सके।
सीमावर्ती जिलों में बढ़ी सतर्कता
नेपाल के रसुवा क्षेत्र में भोटेकोशी नदी में आई बाढ़ को देखते हुए उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती महाराजगंज और कुशीनगर जिलों में प्रशासन को अलर्ट किया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दोनों जिलों में आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन को गंडक और नारायणी नदियों के जलस्तर पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार ने नेपाल में फंसे यूपी के नागरिकों के परिजनों से अपील की है कि वे बिना देरी किए हेल्पलाइन 1070 पर सूचना दें।
#RajsattaPost #AnujTyagiPost #UttarPradesh #Nepal

