त्यागी-ब्राह्मण सम्मेलन में सियासी शक्ति प्रदर्शन, प्रमोद त्यागी को 2027 में बुढ़ाना से सपा टिकट देने की उठी मांग
मुजफ्फरनगर। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में त्यागी और ब्राह्मण समाज ने अपनी राजनीतिक अहमियत का बड़ा प्रदर्शन किया। सोहंजनी तगान स्थित RK फार्म हाउस में सपा नेता प्रमोद त्यागी के आह्वान पर आयोजित त्यागी-ब्राह्मण बौद्धिक सम्मेलन में हजारों की संख्या में समाज के लोग पहुंचे। सम्मेलन में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाज की राजनीतिक भूमिका और एकजुटता पर मंथन किया गया।
सम्मेलन में मौजूद त्यागी-ब्राह्मण समाज के लोगों ने एकजुट होकर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रमोद त्यागी को बुढ़ाना विधानसभा सीट से 2027 में सपा का प्रत्याशी बनाए जाने की मांग उठाई। वक्ताओं ने कहा कि बुढ़ाना विधानसभा क्षेत्र में त्यागी और ब्राह्मण समाज की महत्वपूर्ण भूमिका है और इस बार समाज एकजुट होकर अपनी राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करेगा।
समाज के लोगों ने कहा कि पूर्व में जो राजनीतिक गलती हुई, उसे सुधारने का समय 2027 में है। सम्मेलन में मौजूद लोगों ने प्रमोद त्यागी को चुनाव लड़ाने और उन्हें जीताकर विधानसभा भेजने का भरोसा भी जताया।
सम्मेलन के मुख्य अतिथि घोसी सांसद राजीव राय ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि समाज का कोई वर्ग ऐसा नहीं है, जो अपने आपको ठगा महसूस न कर रहा हो।
किसान आंदोलन का जिक्र करते हुए राजीव राय ने आरोप लगाया कि आंदोलन में जाने वाले किसानों को खालिस्तानी कहा गया और बच्चों पर लाठियां चलाई गईं।
राजीव राय ने कहा कि किसानों के गन्ने को एथेनॉल में बदल दिया गया, लेकिन न तो गन्ना महंगा हुआ और न ही पेट्रोल सस्ता हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि किसान भुखमरी की स्थिति में है और आत्महत्या कर रहा है, जबकि सरकार अपने उद्योगपति मित्रों के कर्ज माफ कर रही है।
उन्होंने दावा किया कि 2027 में जनता खुद चुनाव लड़ रही है और समाजवादी पार्टी की प्रचंड बहुमत की सरकार बनेगी।
#Muzaffarnagar #TyagiSamaj #SamajwadiParty #RajsattaPost #AnujTyagiPost

