नाबालिग से गैंगरेप के आरोपों पर आक्रोश, दो गिरफ्तार, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और कॉलेज-नर्सिंग होम सील करने की मांग
राजसत्ता पोस्ट|असलम त्यागी
मुजफ्फरनगर में नाबालिग हिंदू किशोरी से कथित गैंगरेप के मामले को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है। आरोप है कि किशोरी का अश्लील वीडियो बनाया गया और बाद में वीडियो के जरिए उसे ब्लैकमेल कर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। परिजनों की ओर से मामले में तीन-चार लोगों के शामिल होने का आरोप लगाया गया है। मामला मुजफ्फरनगर के नगर कोतवाली क्षेत्र का है
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों नाजिम और आदिल को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। वहीं, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लोगों का आक्रोश लगातार बढ़ रहा है। रविवार को रामलीला टिल्ला पर सर्व हिंदू समाज की बैठक आयोजित की गई, जिसमें सैकड़ों की संख्या में लोग शामिल हुए।
बैठक में लोगों ने फरार बताए जा रहे आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि किशोरी के साथ अस्पताल और कॉलेज में भी दुष्कर्म किया गया। इसी के चलते सम्राट इंटर कॉलेज और अल्फा नर्सिंग होम को सील करने तथा उनकी मान्यता समाप्त करने की मांग उठाई गई।
प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के घरों पर बुलडोजर कार्रवाई किए जाने की मांग भी रखी। उनका कहना था कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी आरोपियों और घटना से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका सामने लाई जाए।
मामले में आरोपी आदिल से जुड़े बताए जा रहे अल्फा नर्सिंग होम पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से कार्रवाई की गई है। क्लीनिक को सील करने और उसका लाइसेंस निरस्त किए जाने की जानकारी सामने आई है। लोगों ने अन्य संबंधित संस्थानों की भी जांच कराने की मांग की।
बैठक में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल और पूर्व मंत्री डॉ. संजीव बालियान मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने लोगों को आश्वासन दिया कि मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए प्रशासन से प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।
बैठक में सनातन धर्म के लिए लगातार आवाज उठाने वाले यशवीर महाराज सहित बड़ी संख्या में हिंदू समाज के लोग मौजूद रहे। लोगों ने पुलिस-प्रशासन से फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

