घर से दवाई लेने निकले नाजिर की संदिग्ध हालत में मौत, देवबन्द क्षेत्र मे मिला शव

राजसत्ता पोस्ट|असलम त्यागी 

सहारनपुर जनपद के थाना देवबंद क्षेत्र में घर से दवाई लेने निकले एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के शरीर पर चोटों के निशान मिलने से परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। परिजनों ने पुलिस से अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, थाना छपार निवासी नाजिर पुत्र आजाद 22 अगस्त को करीब 11:30 बजे दवाई लेने के लिए घर से निकले थे। बताया गया कि उन्होंने रामपुर मनिहारान स्थित डॉक्टर के यहां जाने की बात परिजनों से कही थी और इसके बाद वह बस से रवाना हुए।

शाम करीब 5:30 बजे तक जब नाजिर घर वापस नहीं पहुंचे तो परिजनों ने उनके मोबाइल पर फोन किया। फोन पर नाजिर ने जल्द घर लौटने की बात कही, लेकिन इसके बाद उनका मोबाइल बंद हो गया। इसके बाद परिजनों की चिंता बढ़ गई और उन्होंने रिश्तेदारों तथा परिचितों के यहां तलाश शुरू की, लेकिन नाजिर का कोई सुराग नहीं मिला।

इसी बीच 23 अगस्त की रात करीब तीन बजे पुलिस की ओर से परिजनों को सूचना दी गई कि एक व्यक्ति का शव मिला है। शव के पास मिले मोबाइल से पुलिस को परिजनों का नंबर मिला था। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान नाजिर के रूप में की।

बताया गया कि शव सांपला रोड स्थित भारत पेट्रोल पंप के पास निर्माणाधीन कॉलोनी में सड़क से करीब 150 मीटर अंदर पड़ा मिला। परिजनों का आरोप है कि नाजिर के शरीर पर चोटों के कई गंभीर निशान थे। इन परिस्थितियों को देखते हुए उन्होंने आशंका जताई कि नाजिर की हत्या करने के बाद शव को सुनसान स्थान पर फेंका गया।

परिजनों ने थाना देवबंद पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *