नाबालिग लड़की से मारपीट के मामले में चरथावल पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

राजसत्ता पोस्ट|असलम त्यागी

मुजफ्फरनगर जनपद के चरथावल थाना क्षेत्र के गांव निरधना में नाबालिग लड़की के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गांव निरधना से गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 9 अगस्त 2026 को निरधना निवासी अनीष पुत्र अली मोहम्मद ने थाना चरथावल में तहरीर दी थी। आरोप लगाया गया था कि गांव के ही गय्यूर पुत्र शरीफ, इंतजार पुत्र गय्यूर और हसीन पुत्र गय्यूर ने एक राय होकर उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।

शिकायत के मुताबिक, विवाद के दौरान अनीष की पुत्री सिदरा बीच-बचाव करने के लिए मौके पर पहुंची। आरोप है कि इसी दौरान उसके सिर में गंभीर चोट लग गई, जिसके बाद वह बेहोश हो गई। आरोपियों पर अनीष और उसकी पुत्री सिदरा को जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार होने का भी आरोप लगाया गया।

तहरीर के आधार पर चरथावल थाने में अपराध संख्या 135/2026 के तहत धारा 110/3(5)/115(2)/352/351(3) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह को सौंपी गई।

विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू की। इसी क्रम में 12 अगस्त 2026 को करीब दोपहर 1 बजे उपनिरीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह ने पुलिस टीम के साथ गांव निरधना में दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इंतजार पुत्र गय्यूर, उम्र करीब 31 वर्ष और हसीन पुत्र गय्यूर, उम्र करीब 29 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम निरधना, थाना चरथावल, जनपद मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, मामले में नामजद एक अन्य आरोपी गय्यूर पुत्र शरीफ की भूमिका की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम

कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल 510 सुशील कसाना और कांस्टेबल 83 अमित कुमार शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *