नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने वाले आरोपी सचिन को चरथावल पुलिस ने दबोचा

राजसत्ता पोस्ट|असलम त्यागी

मुजफ्फरनगर जनपद के चरथावल थाना पुलिस ने नाबालिग किशोरी के लापता होने के मामले का खुलासा करते हुए उसे सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने मामले में नामजद आरोपी युवक को भी गिरफ्तार किया है। बरामदगी के बाद पुलिस ने मुकदमे में गंभीर धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई 2026 को गांव दुधली निवासी सोनू पुत्र दयाराम ने थाना चरथावल में तहरीर दी थी। तहरीर में बताया गया था कि उनकी नाबालिग पुत्री 28 जुलाई की सुबह करीब 7 बजे महर्षि दयानंद इंटर कॉलेज में पढ़ने के लिए घर से निकली थी, लेकिन स्कूल नहीं पहुंची। परिजनों ने रिश्तेदारियों और अन्य संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।

परिजनों ने गांव दुधली निवासी सचिन पुत्र ज्योति पर नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का शक जताया था। शिकायत के आधार पर चरथावल थाने में अपराध संख्या 131/2026 के तहत धारा 137(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना उपनिरीक्षक मनोज कुमार को सौंपी गई थी।

पुलिस लगातार किशोरी की तलाश और मामले की जांच में जुटी थी। इसी क्रम में 12 अगस्त 2026 को उपनिरीक्षक मनोज कुमार को मुखबिर से महत्वपूर्ण सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दधेडू पुल के पास घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक, करीब 11:54 बजे वहां से नाबालिग किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया गया। मौके से आरोपी सचिन पुत्र ज्योति निवासी ग्राम दुधली, थाना चरथावल को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने बताया कि बरामदगी और विवेचना के दौरान सामने आए अन्य साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 87 और 64(1) बीएनएस तथा 3/4(2) पॉक्सो अधिनियम की बढ़ोतरी की गई है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से भी चरथावल थाने में एक मुकदमा दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। उसके खिलाफ अपराध संख्या 136/2026, धारा 352/115(2)/351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज बताया गया है।

चरथावल पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी सचिन को मुकदमे में दर्ज धाराओं के तहत न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मनोज कुमार, कांस्टेबल 75 सतीश मलिक और महिला कांस्टेबल 532 गीतु शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *