मुजफ्फरनगर पुलिस का बड़ा एक्शन, कांवड़ मेले में बाइक चोरी करने वाले गिरोह पर शिकंजा

मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा के दौरान भीड़भाड़ का फायदा उठाकर मोटरसाइकिल चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ सिविल लाइन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गिरोह के दो आरोपियों जावेद उर्फ सबलू और आस मोहम्मद उर्फ आशू को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की 8 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।

पुलिस के मुताबिक, जावेद अपने भाई शाहरुख के साथ मिलकर शिव चौक के आसपास एसडी मार्केट, साईं अस्पताल और कोर्ट रोड जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों से मोटरसाइकिल चोरी करता था। चोरी की गई बाइकें सहारनपुर निवासी अपने साथी आस मोहम्मद को बेच दी जाती थीं।

11 अगस्त को मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई

पुलिस को 11 अगस्त को आरोपियों के संबंध में सटीक सूचना मिली थी। इसके बाद सिविल लाइन पुलिस टीम ने संधावली अंडरपास के पास घेराबंदी कर जावेद और आस मोहम्मद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी की 8 मोटरसाइकिलें, फर्जी नंबर प्लेट और 4 हजार रुपये नकद बरामद किए।

कई शहरों से वाहन चोरी की बात कबूली

पूछताछ में आरोपियों ने मुजफ्फरनगर के अलावा यमुनानगर, रुड़की, चंडीगढ़ और नोएडा से भी वाहन चोरी करने की बात पुलिस को बताई है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़ी अन्य वारदातों की जानकारी जुटा रही है।

वहीं, पुलिस गिरोह के तीसरे आरोपी शाहरुख की तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि उसकी गिरफ्तारी के बाद वाहन चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में भी अहम जानकारी सामने आ सकती है।

एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर वाहन चोरी करने वालों के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।

#RajsattaPost #AnujTyagiPost #Muzaffarnagar

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *