अनुभव त्यागी की दूसरी पुण्यतिथि पर नि:शुल्क चिकित्सा शिविर, पौधारोपण कर दी श्रद्धांजलि
मुजफ्फरनगर। सहकारी गन्ना विकास समिति के चेयरमैन अनिल त्यागी ने अपने पुत्र स्वर्गीय अनुभव त्यागी की दूसरी पुण्यतिथि पर ग्राम बहेड़ी में नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन कराया। इस अवसर पर उनकी स्मृति में पौधारोपण भी किया गया। बड़ी संख्या में क्षेत्र के लोगों ने स्वास्थ्य शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया और दिवंगत अनुभव त्यागी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर भावुक होते हुए अनिल त्यागी ने कहा कि बेटे अनुभव को बिछड़े हुए दो वर्ष हो गए हैं, लेकिन आज भी ऐसा कोई पल नहीं गुजरता जब उनकी याद न आती हो। उन्होंने कहा कि अनुभव समाज सेवा और गरीब एवं असहाय लोगों की मदद के लिए हमेशा प्रेरित करता था। उसी की प्रेरणा से वह समाजसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार भी पहुंचे। उन्होंने स्वर्गीय अनुभव त्यागी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि किसी प्रियजन की कमी कभी पूरी नहीं हो सकती, लेकिन उनकी स्मृति में समाजहित के कार्य करना सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने नि:शुल्क चिकित्सा शिविर जैसे जनसेवा के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज को सकारात्मक संदेश देते हैं।

इस दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता गौरव स्वरूप, पत्रकार सुशील त्यागी, प्रवेश त्यागी सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने अनुभव त्यागी को श्रद्धासुमन अर्पित किए और चिकित्सा शिविर में पहुंचकर लोगों का हालचाल जाना।
#RajsattaPost #AnujTyagiPost

