मुजफ्फरनगर: अदम्य रक्तवीर सहयोगी संस्था के शिविर में 40 यूनिट रक्तदान, रक्तवीरों को किया सम्मानित
असलम त्यागी
मुजफ्फरनगर। समाज सेवा और मानव कल्याण के उद्देश्य से अदम्य रक्तवीर सहयोगी संस्था, मिशन वन्देमातरम् दा ट्रस्ट (रजि.) एवं मुजफ्फरनगर राउण्ड टेबल (MRT 346) के संयुक्त तत्वावधान में त्यागी सभा भवन, फ्रेंड्स कॉलोनी में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं, समाजसेवियों और रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे आयोजन के दौरान सेवा और जनकल्याण का भाव देखने को मिला तथा कुल 40 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया, जिसे जरूरतमंद मरीजों के उपचार में उपयोग किया जाएगा।

कार्यक्रम के मुख्य आयोजक सचिन त्यागी (पावटी), जिला उपाध्यक्ष भाजपा ने सभी रक्तदाताओं का स्वागत करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने कहा कि किसी जरूरतमंद को समय पर रक्त उपलब्ध हो जाना उसके जीवन को बचा सकता है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने और समाज में इस अभियान के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं गणमान्य अतिथियों देवव्रत त्यागी, राजीव गर्ग, शिवकुमार त्यागी, कपिल त्यागी, सुशील त्यागी और ब्रह्मदत्त त्यागी ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। अतिथियों ने कहा कि रक्तदान एक ऐसा महादान है, जिसका कोई विकल्प नहीं है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान करना चाहिए, ताकि जरूरत पड़ने पर किसी भी मरीज को रक्त की कमी के कारण परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने रक्तदाताओं की सेवा भावना की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक पहल बताया।

इस अवसर पर सभी रक्तवीर साथियों को प्रशस्ति पत्र एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने रक्तदाताओं का अभिनंदन करते हुए उनके इस निस्वार्थ योगदान की सराहना की।

कार्यक्रम के समापन पर मुख्य आयोजक सचिन त्यागी (पावटी) एवं संस्था के पदाधिकारियों ने रक्तदान शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी रक्तदाताओं, सहयोगी संस्थाओं, चिकित्सकों, स्वयंसेवकों और उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संस्था भविष्य में भी इसी प्रकार नियमित रूप से रक्तदान शिविरों और अन्य सामाजिक सेवा के कार्यक्रमों का आयोजन करती रहेगी, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों की सहायता की जा सके।

