हापुड़ में महिला ने युवक अकबर पर धार्मिक पहचान छिपाकर संबंध बनाने और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का लगाया आरोप
हापुड़। उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में एक विवाहित महिला ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंचकर रेलवे विभाग में कार्यरत युवक अकबर के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि आरोपी ने शादी से पहले अपनी धार्मिक पहचान छिपाकर उससे दोस्ती की, विवाह का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए और इस दौरान उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें व वीडियो तैयार कर लिए। अब उन्हीं वीडियो के आधार पर उसे ब्लैकमेल कर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया जा रहा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
महिला का कहना है कि आरोपी ने स्वयं को हिंदू बताकर उसका विश्वास जीता और लंबे समय तक संबंध बनाए। बाद में उसकी शादी हो गई, लेकिन आरोपी ने पुराने आपत्तिजनक फोटो और वीडियो उसके पति को दिखा दिए, जिससे उसके वैवाहिक जीवन में विवाद उत्पन्न हो गया।
पीड़िता का आरोप है कि जब उसके पति ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उनके साथ मारपीट की और गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। महिला ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी लगातार उस पर पति को छोड़ने और हिंदू धर्म त्यागकर मुस्लिम धर्म अपनाने का दबाव बना रहा है। विरोध करने पर जातिसूचक शब्द कहने, अपहरण की धमकी देने और आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की चेतावनी भी दी गई।
महिला ने पुलिस से अपनी और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत प्राप्त हो गई है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
#RajsattaPost #AnujTyagiPost

