सपा के मुख्य सचेतक पद से कमाल अख्तर का इस्तीफा, बोले- अखिलेश यादव के निर्देश पर छोड़ी जिम्मेदारी
अनुज त्यागी
लखनऊ/मुरादाबाद। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और मुरादाबाद की कांठ विधानसभा सीट से विधायक कमाल अख्तर ने मंगलवार को विधानमंडल के मुख्य सचेतक (चीफ व्हिप) पद से इस्तीफा दे दिया। उनके इस्तीफे के बाद प्रदेश की सियासत में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पिछले कुछ समय से मुरादाबाद से सपा सांसद रुचि वीरा और कमाल अख्तर के बीच मतभेदों की खबरें सामने आ रही थीं। ऐसे में उनके इस्तीफे को भी राजनीतिक घटनाक्रम से जोड़कर देखा जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, दोनों नेताओं के बीच चल रहे विवाद को सुलझाने के लिए हाल ही में सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ में बैठक कर दोनों पक्षों से बातचीत की थी। उस समय माना जा रहा था कि मामला सुलझ गया है, लेकिन अब कमाल अख्तर के इस्तीफे ने राजनीतिक अटकलों को फिर तेज कर दिया है।
कमाल अख्तर ने अपने इस्तीफे की पुष्टि करते हुए कहा कि उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर मुख्य सचेतक पद छोड़ा है। उन्होंने कहा, “अखिलेश यादव हमारे नेता हैं। उनका आदेश मानना हमारा कर्तव्य है। पार्टी में समय-समय पर नेताओं की जिम्मेदारियां बदलती रहती हैं। मैं करीब डेढ़ साल से इस पद पर था। अब पार्टी किसी नए नेता को यह जिम्मेदारी देगी। मेरा पूरा ध्यान अब अपनी विधानसभा सीट और आगामी चुनाव की तैयारियों पर रहेगा।”
मुख्य सचेतक (चीफ व्हिप) का पद संसदीय व्यवस्था में बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। मुख्य सचेतक की जिम्मेदारी पार्टी के विधायकों में अनुशासन बनाए रखना, विधानसभा सत्र के दौरान सभी सदस्यों की उपस्थिति सुनिश्चित करना और महत्वपूर्ण विधेयकों व प्रस्तावों पर पार्टी की निर्धारित लाइन के अनुसार मतदान कराना होती है।
इसके अलावा मुख्य सचेतक पार्टी नेतृत्व और विधायक दल के बीच समन्वय स्थापित करने का भी कार्य करता है। वह विधायकों की राय, सुझाव और असंतोष को नेतृत्व तक पहुंचाता है तथा नेतृत्व के निर्देशों से विधायकों को अवगत कराता है। यदि कोई विधायक पार्टी के व्हिप का उल्लंघन करता है, तो उसके खिलाफ दल-बदल कानून के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू हो सकती है।
हालांकि कमाल अख्तर ने अपने इस्तीफे को संगठन का सामान्य निर्णय बताया है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसे मुरादाबाद की अंदरूनी खींचतान और पार्टी के बदलते समीकरणों से जोड़कर देखा जा रहा है।
#AnujTyagiPost #RajsattaPost

