सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण कर भड़के विधायक पंकज मलिक, बोले- मुजफ्फरनगर को गाज़ीपुर का कूड़े का पहाड़ नहीं बनने देंगे
सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट पर भड़के विधायक पंकज मलिक, बोले- यह लूट-खसोट का संस्थान बन चुका है
अनुज त्यागी
मुजफ्फरनगर। चरथावल विधायक पंकज मलिक ने नमामि गंगे योजना के तहत मोहल्ला किदवईनगर में संचालित ए टू ज सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्लांट परिसर और उसके आसपास लगे कूड़े के बड़े-बड़े ढेर, फैली गंदगी और अव्यवस्थाओं को देखकर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई।

मीडिया से बातचीत में विधायक पंकज मलिक ने आरोप लगाया कि यह प्लांट जनता की गाढ़ी कमाई के पैसों की बर्बादी का केंद्र बन चुका है। उन्होंने कहा कि यह केवल लूट-खसोट का संस्थान बनकर रह गया है और इसकी निष्पक्ष जांच कराई जाए तो करोड़ों रुपये का घोटाला सामने आ सकता है।
उन्होंने कहा कि प्लांट के आसपास लगे कूड़े के विशाल ढेर दिल्ली के गाज़ीपुर और गाजियाबाद के कूड़े के पहाड़ों की याद दिलाते हैं। यदि समय रहते इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो मुजफ्फरनगर में भी ऐसी ही भयावह स्थिति पैदा हो सकती है। उन्होंने कहा कि वह मुजफ्फरनगर को गाज़ीपुर जैसा कूड़े का पहाड़ नहीं बनने देंगे।
विधायक ने आरोप लगाया कि प्लांट के आसपास फैली गंदगी से हवा और पानी दोनों प्रदूषित हो रहे हैं। इसका सबसे अधिक असर आसपास के मोहल्लों में रहने वाले लोगों, विशेषकर बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदूषण के कारण लोग बीमारियों का शिकार हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे।

पंकज मलिक ने बताया कि निरीक्षण के दौरान कोई भी जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं मिला। उन्होंने इसकी शिकायत सिटी मजिस्ट्रेट, संबंधित एक्सईएन और नगर पालिका के ईओ से की है तथा पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने कहा कि जब कर्मचारियों से पूछा गया कि ट्रीटमेंट के बाद शुद्ध किए गए पानी का निस्तारण कहां किया जाता है, तो कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। कुछ कर्मचारियों ने बताया कि पानी को काली नदी में छोड़ा जाता है, जो पहले से ही प्रदूषण की गंभीर समस्या से जूझ रही है। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा हो रहा है तो यह बेहद गंभीर मामला है और इसकी जांच होनी चाहिए।
विधायक ने कहा कि वह इस पूरे मुद्दे को विधानसभा में प्रमुखता से उठाएंगे। साथ ही उनके साथ मौजूद सभासद भी संबंधित अधिकारियों से मिलकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग करेंगे।
राजनीति पर कटाक्ष करते हुए पंकज मलिक ने कहा कि जो लोग हर समय हिंदू-मुस्लिम की राजनीति करते हैं, उन्हें जनता के स्वास्थ्य और पर्यावरण जैसे गंभीर मुद्दों पर भी ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदूषित हवा और दूषित पानी से होने वाली बीमारी या मौत किसी का धर्म नहीं पूछती, इसलिए जनता के जीवन और स्वास्थ्य की रक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता होनी चाहिए।
#AnujTyagiPost #RajsattaPost
#AnujTyagiPost #RajsattaPost

