नौकरी छोड़ने के बाद पहली बार राजनीति पर खुलकर बोलीं काम्या मिश्रा
बिहार कैडर की पूर्व आईपीएस अधिकारी काम्या मिश्रा इन दिनों अपने एक बयान को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में दिए गए एक इंटरव्यू में उन्होंने राजनीति में आने की संभावना से इनकार नहीं किया, जिसके बाद राजनीतिक गलियारों में उनकी संभावित नई पारी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

काम्या मिश्रा मूल रूप से ओडिशा की रहने वाली हैं। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित लेडी श्रीराम कॉलेज से स्नातक की शिक्षा प्राप्त की। इसके बाद मात्र 22 वर्ष की उम्र में यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा पास कर ऑल इंडिया रैंक 172 हासिल की और वर्ष 2019 बैच की आईपीएस अधिकारी बनीं। शुरुआत में उन्हें हिमाचल प्रदेश कैडर मिला था, बाद में उनका ट्रांसफर बिहार कैडर में हो गया।
बिहार में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई चर्चित मामलों की जांच की और एक तेजतर्रार अधिकारी के रूप में पहचान बनाई। दरभंगा ग्रामीण पुलिस अधीक्षक (एसपी) के पद पर रहते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मामलों का खुलासा किया, जिसके बाद उन्हें “लेडी सिंघम” के नाम से भी जाना जाने लगा।
अगस्त 2024 में काम्या मिश्रा ने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद मार्च 2025 में गृह मंत्रालय ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया। उस समय उनका इस्तीफा पूरे देश में चर्चा का विषय बना था, क्योंकि उन्होंने बेहद कम उम्र में एक सफल आईपीएस करियर को छोड़ने का फैसला लिया था।
हालिया इंटरव्यू में काम्या मिश्रा ने कहा कि उन्होंने अभी राजनीति में आने को लेकर कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया है, लेकिन यदि भविष्य में जनता और समाज की बड़े स्तर पर सेवा करने का अवसर मिलता है तो वह इस दिशा में विचार कर सकती हैं। उनका मानना है कि राजनीति जनसेवा का एक प्रभावी माध्यम है और इसी कारण उन्होंने अपने भविष्य के विकल्प खुले रखे हैं।
इंटरव्यू के दौरान उन्होंने शिक्षा के महत्व पर भी जोर दिया और युवाओं को प्रेरित करने वाले शिक्षकों की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का सबसे मजबूत माध्यम है और युवाओं को आगे बढ़ाने में शिक्षकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है।
फिलहाल काम्या मिश्रा ने किसी राजनीतिक दल में शामिल होने या चुनाव लड़ने की कोई औपचारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन उनके बयान ने यह संकेत जरूर दिया है कि भविष्य में वह सक्रिय राजनीति में नई भूमिका निभाती नजर आ सकती हैं। #AnujTyagiPost #RajsattaPost

