मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भीमताल में झील सौंदर्यीकरण अभियान में किया पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
भीमताल (नैनीताल)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद नैनीताल के भीमताल में झील सौंदर्यीकरण अभियान कार्यक्रम में प्रतिभाग कर भीमताल झील परिक्षेत्र में पौधारोपण किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनसमूह को विश्व पर्यावरण दिवस की बधाई देते हुए पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति संकल्पबद्ध होकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की संस्कृति और जीवन शैली का प्रकृति के साथ गहरा जुड़ाव रहा है। लोक पर्व, परम्पराएं और जनजीवन सदैव पर्यावरण संरक्षण के मूल्यों को सुदृढ़ करते रहे हैं। यह दिवस प्रकृति के प्रति आस्था और संरक्षण की भावना को प्रदर्शित करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नैनीताल जिला झीलों के लिए विश्वविख्यात है, जहां देश-विदेश से वर्ष भर पर्यटक आते हैं। झीलों का संरक्षण और संवर्धन सरकार की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से भीमताल झील किनारे फूलों के पौधों का रोपण कर इसका सौंदर्यीकरण किया जा रहा है।
उन्होंने आह्वान किया कि इस मानसून में प्रत्येक नागरिक अधिक से अधिक पौधारोपण करे, साथ ही पौधों एवं जल स्रोतों का संरक्षण, नदियों एवं सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता तथा प्लास्टिक के उपयोग में कमी लाने के लिए आगे आएं। उन्होंने इस अभियान में सभी से सक्रिय भागीदारी की अपील भी की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपनी माता बिसना देवी के नाम से एक बोगनबेलिया का पौधा रोपित किया। शहरी विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन व जलागम प्रबंधन मंत्री राम सिंह कैड़ा ने भी अपनी स्वर्गीय माता रेवती देवी की स्मृति में पौधारोपण किया।
इसके अलावा कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने अपनी माता सावित्री रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने अपनी माता उमा देवी रयाल, मुख्य वन संरक्षक कुमाऊं तेजस्विनी अरविंद पाटील ने अपनी स्वर्गीय माता मीना अरविंद पाटील, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने अपनी माता नागिन्दी पांडे, वन संरक्षक नितीश मणी त्रिपाठी ने अपनी माता नीलम मणी त्रिपाठी के नाम पर पौधारोपण किया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, प्रभागीय वनाधिकारी आकाश गंगवार, आईटीबीपी 34 बटालियन के कमांडेंट हेमंत कुमार, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी, मुख्य उद्यान अधिकारी प्रेमा राणा, एपीडी चंद्रा फर्त्याल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं प्रकृति प्रेमी उपस्थित रहे।
#AnujTyagiPost #RajsattaPost #Uttarakhand #Bhimtal #PushkarSinghDhami #EnvironmentDay #TreePlantation

