डेढ़ महीने में 11 लाख श्रद्धालुओं ने किए बाबा केदार के दर्शन, केदारनाथ यात्रा ने बनाया नया कीर्तिमान
रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध श्री केदारनाथ धाम यात्रा-2026 लगातार नए रिकॉर्ड स्थापित कर रही है। 22 अप्रैल को बाबा केदार के कपाट खुलने के बाद से अब तक डेढ़ महीने की अवधि में 11 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंच रहे हैं, जिससे यात्रा को लेकर लोगों में गहरी आस्था और उत्साह देखने को मिल रहा है।
पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग नीहारिका तोमर ने बताया कि यात्रा के सफल संचालन के लिए पुलिस और प्रशासन की सभी टीमें पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य कर रही हैं। अब तक 11 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने सुरक्षित एवं सुगम तरीके से बाबा केदार के दर्शन किए हैं, जो इस वर्ष की यात्रा का एक ऐतिहासिक आंकड़ा माना जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यात्रा पर आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से यात्रा मार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, संवेदनशील ट्रैक मार्गों पर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा जरूरत पड़ने पर त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
इसके अलावा श्री केदारनाथ धाम परिसर में दर्शनार्थियों के लिए सुव्यवस्थित लाइन व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा निगरानी और आवश्यक सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पुलिस और प्रशासन की टीमें आपसी समन्वय के साथ लगातार कार्य कर रही हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आगामी दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए यात्रा मार्ग और धाम क्षेत्र में व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जा रहा है। प्रशासन का प्रयास है कि बाबा केदार के दर्शन के लिए आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सहज और यादगार यात्रा का अनुभव प्राप्त हो।
केदारनाथ यात्रा में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या यह दर्शाती है कि बाबा केदार के प्रति लोगों की आस्था पहले से कहीं अधिक मजबूत हुई है और उत्तराखंड की चारधाम यात्रा देश-दुनिया के श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है।
#KedarnathYatra #Rudraprayag #Uttarakhand #AnujTyagiPost #RajsattaPost #Rudraprayag

