केदारनाथ धाम में खोया ₹40 हजार नकद और मोबाइल से भरा पर्स, रुद्रप्रयाग पुलिस ने ईमानदारी की मिसाल पेश कर लौटाया
रुद्रप्रयाग।केदारनाथ धाम में दर्शन के लिए मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा से अपने परिजनों के साथ पहुंची बुजुर्ग श्रद्धालु श्रीमती मनोरमा का दर्शन के बाद अचानक पर्स कहीं गिर गया। पर्स में ₹40,000 की नकदी, एक कीमती मोबाइल फोन और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे। पर्स खोने के बाद महिला और उनके परिजन काफी परेशान हो गए।
घटना की जानकारी उन्होंने ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवान शिवलाल और मनोज कुमार को दी। सूचना मिलते ही दोनों जवानों ने बिना समय गंवाए पर्स की तलाश शुरू कर दी। काफी प्रयासों और खोजबीन के बाद पर्स को सकुशल बरामद कर लिया गया।
बरामद पर्स में रखी पूरी नकदी, मोबाइल फोन और सभी जरूरी दस्तावेज सुरक्षित मिले। इसके बाद पुलिस कर्मियों ने पर्स को महिला श्रद्धालु के सुपुर्द कर दिया। अपनी जमा-पूंजी और जरूरी सामान सुरक्षित वापस मिलने पर श्रीमती मनोरमा के चेहरे पर खुशी लौट आई।
महिला श्रद्धालु और उनके परिजनों ने रुद्रप्रयाग पुलिस की तत्परता, ईमानदारी और सेवाभाव की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। रुद्रप्रयाग पुलिस ने भी यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से अपने कीमती सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने तथा किसी भी सहायता के लिए 112 या नजदीकी पुलिस सहायता केंद्र से संपर्क करने की अपील की है।
#AnujTyagiPost #RajsattaPost #Rudraprayag

