ऋषिकेश में अखिल भारतीय महापौर परिषद की बैठक में शामिल हुए मुख्यमंत्री धामी, 29.78 करोड़ रुपये की योजनाओं का किया लोकार्पण और शिलान्यास

ऋषिकेश में आयोजित अखिल भारतीय महापौर परिषद की 117वीं कार्यकारी समिति की बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने 29.78 करोड़ रुपये की तीन विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 23.15 करोड़ रुपये की एक योजना का लोकार्पण तथा 6.63 करोड़ रुपये की दो योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न स्थलों का निरीक्षण भी किया।

बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के सभी मेयर अपने-अपने शहरों के प्रथम नागरिक होने के साथ-साथ जनता की आशाओं, अपेक्षाओं और विश्वास के प्रतिनिधि भी हैं। उनके निर्णयों का प्रभाव आने वाली पीढ़ियों के भविष्य पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि जहां भारत की आत्मा गांवों में बसती है, वहीं नागरिकों के सपने और भविष्य की संभावनाएं शहरों में आकार लेती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में शहरी विकास को नई दिशा मिली है। स्वच्छ भारत मिशन, स्मार्ट सिटी मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना और प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना जैसी योजनाओं ने शहरों के विकास और नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में अब तक 45 दिनों के भीतर 30 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जो एक नया रिकॉर्ड है। आदि कैलाश और पूर्णागिरि धाम में भी श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। पिछले चार वर्षों में 23 करोड़ से अधिक पर्यटक उत्तराखंड पहुंचे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में स्वच्छता, ठोस कचरा प्रबंधन, शहरी स्वास्थ्य सेवाओं, निराश्रित गौवंश संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। नगर निकायों में पहली बार अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर स्थापित किए गए हैं, जबकि एनिमल बर्थ कंट्रोल योजना के माध्यम से श्वानों की बढ़ती संख्या को नियंत्रित करने की दिशा में भी कदम उठाए गए हैं।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, राम सिंह कैड़ा, विधायक प्रेमचंद्र अग्रवाल, मेयर शंभू पासवान, रेनू बाला गुप्ता, आशुतोष तथा देशभर के विभिन्न शहरों से आए मेयर मौजूद रहे।

#AnujTyagiPost #RajsattaPost #Dehradun

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *