चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लेने ऋषिकेश ट्रांजिट कैंप पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, श्रद्धालुओं से लिया फीडबैक

ऋषिकेश। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को ऋषिकेश स्थित ट्रांजिट कैंप का औचक निरीक्षण कर चारधाम यात्रा और रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने यात्रियों के पंजीकरण, स्वास्थ्य जांच, ठहरने तथा अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया और विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं से सीधे संवाद कर यात्रा का फीडबैक लिया।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को रजिस्ट्रेशन के लिए अनावश्यक इंतजार न करना पड़े। बढ़ती गर्मी को देखते हुए उन्होंने ट्रांजिट कैंप में अतिरिक्त कूलर लगाने, पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने और अन्य आवश्यक सुविधाओं को मजबूत करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को बेहतर भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा कैंप में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों से संवाद कर उन्हें पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं का “अतिथि देवो भव:” की भावना के साथ स्वागत किया जाए और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।

मुख्यमंत्री ने महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार सहित विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं से बातचीत की। यात्रियों ने पंजीकरण, स्वास्थ्य जांच, आवास और अन्य व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए सरकार की तैयारियों की सराहना की। कई बुजुर्ग श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री को आशीर्वाद देते हुए यात्रा को सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए उनका आभार भी व्यक्त किया।

#AnujTyagiPost #RajsattaPost #Dehradun

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *