अवैध संबंध के शक में मोमिन बना कातिल! पिता रियाजुद्दीन और पत्नी सना को गोली मारकर उतारा मौत के घाट

बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले से रिश्तों को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक युवक ने अपनी पत्नी और पिता पर अवैध संबंध होने का शक जताते हुए दोनों को गोली मार दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आरोपी को कुछ ही समय में हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

मामला खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र के गांव कलंदरगढ़ी का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार गांव निवासी मोमिन पेशे से क्लिनिक संचालक है। उसकी शादी करीब एक वर्ष पहले सना से हुई थी और करीब 10 दिन पहले ही उसके घर बेटे का जन्म हुआ था। परिवार में खुशियों का माहौल था, लेकिन इसी बीच शक ने पूरे परिवार को तबाह कर दिया।

बताया जा रहा है कि मोमिन को लंबे समय से अपनी पत्नी सना और पिता रियाजुद्दीन के बीच अवैध संबंध होने का संदेह था। इसी बात को लेकर परिवार में तनाव बना हुआ था। आरोप है कि इसी शक के चलते मोमिन ने पिता के नाम पर दर्ज लाइसेंसी पिस्टल उठाई और पिता रियाजुद्दीन व पत्नी सना पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।

फायरिंग की घटना में रियाजुद्दीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल सना को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां बाद में उसने भी दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने उसे कुछ ही देर में हिरासत में ले लिया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटना में इस्तेमाल पिस्टल रियाजुद्दीन के नाम लाइसेंसी हथियार थी। फिलहाल आरोपी मोमिन से पूछताछ की जा रही है और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है।

#AnujTyagiPost #RajsattaPost #Bulandshahr #UPPolice #CrimeNews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *