यूपी।ईनामी बदमाश रजा मोहम्मद और मोमीन पुलिस एनकाउंटर में ढेर, महिलाओं से लूटपाट करने वाले गैंग का अंत

अलीगढ़: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में महिलाओं को निशाना बनाकर लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले दो कुख्यात इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में मारे गए। दोनों आरोपी पिछले कई दिनों से जिले में खेतों पर काम करने वाली महिलाओं को निशाना बना रहे थे और लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत का माहौल बना हुआ था। रविवार को पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में दोनों बदमाश ढेर हो गए, जबकि दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।

मुठभेड़ अतरौली थाना क्षेत्र के एक आम के बाग में हुई, जहां पुलिस ने घेराबंदी के बाद दोनों आरोपियों को रोकने की कोशिश की। पुलिस के अनुसार बदमाशों ने आत्मसमर्पण करने के बजाय फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई की गई।

मारे गए बदमाशों की पहचान हापुड़ जिले के सिंभावली थाना क्षेत्र के रजापुर निवासी रजा मोहम्मद उर्फ रजुआ उर्फ बीन्ना और बुलंदशहर के कोतवाली देहात क्षेत्र के बिरौड़ी ताजपुर निवासी मोमीन पुत्र जान मोहम्मद के रूप में हुई है। दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था और कई जिलों में गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज थे।

जानकारी के अनुसार रजा मोहम्मद पर करीब 40 मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं, जिनमें गैंगस्टर एक्ट सहित लूट के अनेक मामले शामिल हैं। वहीं मोमीन पर भी करीब 27 मुकदमे दर्ज थे, जिनमें बड़ी संख्या लूट की घटनाओं से जुड़ी बताई जा रही है।

पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी ग्रामीण इलाकों में खेतों पर काम करने वाली महिलाओं को निशाना बनाते थे। वे बाइक पर पहुंचकर तमंचे के बल पर महिलाओं से जेवर और नकदी लूटकर फरार हो जाते थे। बीते एक सप्ताह में जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में महिलाओं से लगातार लूट की घटनाएं हुई थीं, जिससे पुलिस पर भी कार्रवाई का दबाव बढ़ रहा था।

बताया गया कि इस सिलसिले की पहली बड़ी घटना 17 मई को मडराक थाना क्षेत्र में सामने आई थी, जहां चारा लेकर लौट रही महिलाओं से दिनदहाड़े लूट हुई थी। इसके बाद अतरौली, गोधा और छर्रा क्षेत्रों में भी इसी तरह की घटनाएं सामने आईं। महिलाओं के कानों से कुंडल खींचने जैसी घटनाओं में कई महिलाएं घायल भी हुईं।

रविवार को भी अतरौली क्षेत्र में एक महिला से कुंडल लूटने की घटना हुई थी। कुंडल खींचने के दौरान महिला घायल हो गई थी। घटना के बाद पुलिस टीमों ने तत्काल इलाके की घेराबंदी शुरू की।

पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपी अतरौली क्षेत्र में मौजूद हैं। इसके बाद पुलिस ने आम के बाग में घेराबंदी की। इसी दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। गोलीबारी में पुलिसकर्मी अंकित और गौरव घायल हो गए। बताया गया कि अंकित के पैर और गौरव के हाथ में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों को गोली लगी। घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से अवैध पिस्टल, तमंचा, कारतूस और एक बाइक बरामद की है। अधिकारियों के अनुसार बरामद हथियारों और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों आरोपी लंबे समय से महिलाओं से लूट की वारदातों में सक्रिय थे और अलग-अलग जिलों में उनकी आपराधिक गतिविधियां दर्ज थीं। घटना के बाद पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।

एनकाउंटर के दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल, अस्पताल में भर्ती, SSP नीरज अस्पताल में दोनों पुलिसकर्मियों से मिले।

 

#AnujTyagiPost #RajsattaPost #Aligarh #UPPolice #Encounter #CrimeNews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *