लखनऊ में बिजली व्यवस्था को लेकर सीएम योगी की बड़ी बैठक, लगातार कटौती पर जताई नाराजगी

लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की बिजली व्यवस्था को लेकर ऊर्जा विभाग, डिस्कॉम और UPPCL अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में प्रदेश में लगातार हो रही बिजली कटौती पर सीएम ने नाराजगी जताते हुए भीषण गर्मी के बीच शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सीएम योगी ने कहा कि बिजली की बढ़ती मांग को देखते हुए सभी उत्पादन इकाइयां अपनी पूरी क्षमता से संचालित हों और उनकी सतत मॉनिटरिंग की जाए। साथ ही ट्रांसमिशन नेटवर्क को और मजबूत एवं आधुनिक बनाने पर जोर दिया गया। फीडर वाइज मॉनिटरिंग, जवाबदेही तय करने और बाधित फीडरों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में ट्रांसफॉर्मर खराब होने पर लापरवाही को लेकर भी सख्त रुख अपनाया गया। सीएम ने स्पष्ट कहा कि शिकायत निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं होगी और आमजन को बिजली आपूर्ति से जुड़ी सही एवं समयबद्ध जानकारी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने उपभोक्ता सेवाओं को तकनीक आधारित बनाने और पारदर्शिता बढ़ाने पर भी जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने हेल्पलाइन कॉल सेंटर के भौतिक निरीक्षण के निर्देश दिए, जबकि ऊर्जा मंत्री एके शर्मा और राज्य मंत्री को व्यवस्था की लगातार समीक्षा करने के आदेश दिए गए। बैठक में UPPCL अध्यक्ष डॉ. आशीष कुमार गोयल और UPPCL MD नितीश कुमार भी मौजूद रहे।

सीएम योगी ने कहा कि प्रदेशवासियों को बेहतर और निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *