मंत्री कपिल देव अग्रवाल का सख्त रुख, बोले – मुजफ्फरनगर की बिजली व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश
मुजफ्फरनगर में बिजली व्यवस्था को लेकर प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री Kapil Dev Agarwal ने सख्त रुख अपनाया है। मेरठ रोड स्थित फेडरेशन ऑफ मुजफ्फरनगर कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के सभागार में आयोजित बैठक में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर नगर की विद्युत व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।

बैठक में पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम के निदेशक एन.के. मिश्रा, मुख्य अभियंता पवन कुमार गुप्ता सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री ने स्पष्ट कहा कि मुजफ्फरनगर में बिजली आपूर्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से ठोस एवं परिणामकारी कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने विशेष रूप से तीनों सबडिवीजनों को डबल करने की प्रक्रिया तेज करने, ट्रांसफार्मरों की फेजिंग, जर्जर व पुराने तारों को बदलने, ओवरलोडिंग की समस्या दूर करने और आवश्यकता अनुसार नए ट्रांसफार्मर स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन कार्यों को तय समय सीमा में प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए ताकि आमजन और उद्योगों को राहत मिल सके।
बैठक में स्थानीय उद्यमियों और नागरिकों ने बिजली कटौती, लो-वोल्टेज, ओवरलोडिंग, जर्जर लाइनें और ट्रांसफार्मरों की कमी जैसी समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। मंत्री ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को त्वरित निस्तारण और जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए।
कपिल देव अग्रवाल ने अधिकारियों को आगामी 6 माह के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के भी निर्देश दिए, जिसमें तकनीकी उन्नयन, दीर्घकालिक सुधार और बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता बेहतर करने के उपाय शामिल हों।
मंत्री ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि यदि किसी क्षेत्र का जेई फोन नहीं उठाता है तो वह स्वयं शासन को पत्र लिखकर कार्रवाई की संस्तुति करेंगे। उन्होंने दोहराया कि बिजली व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता मिलने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में शहर के कई उद्योगपति, व्यापारी और सामाजिक प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
#AnujTyagiPost #RajsattaPost #Muzaffarnagar #KapilDevAgarwal #Electricity #UPNews #MuzaffarnagarNews

