मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पहुंचे उत्तरकाशी, सीमांत पोलिंग बूथों का किया निरीक्षण, गंगोत्री धाम में की पूजा-अर्चना
उत्तरकाशी।दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर पहुंचे भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त Gyanesh Kumar शनिवार को उत्तरकाशी पहुंचे, जहां उनका स्वागत उत्तराखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी B. V. R. C. Purushottam ने झाला हेलीपैड पर किया।

दौरे के दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने भारत-चीन सीमा से सटे उत्तरकाशी जिले के सीमांत क्षेत्रों का दौरा किया और गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र के हर्षिल गांव स्थित पोलिंग बूथ का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से विस्तृत बातचीत कर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की तैयारियों, मैपिंग और मतदाता सूची के शुद्धिकरण कार्यों की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि बीएलओ जमीनी स्तर पर बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। बीएलओ ऐप के माध्यम से “एब्सेंट, शिफ्टेड, डेथ, डुप्लीकेट और विदेशी मतदाताओं” की पहचान कर मतदाता सूची को शुद्ध करने का कार्य किया जा रहा है, वहीं 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके नए पात्र मतदाताओं को सूची में जोड़ा जा रहा है।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने बीएलओ श्रीमती मिंटू देवी के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि चुनाव आयोग समर्पण के साथ कार्य कर रहे सभी बीएलओ को सलाम करता है और उम्मीद है कि देशभर के सभी अधिकारी इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।
दौरे के दौरान उन्होंने गंगोत्री क्षेत्र के पोलिंग बूथ का भी निरीक्षण किया और वहां मौजूद साधु-संतों तथा संन्यासी मतदाताओं से संवाद किया। उन्होंने दुर्गम परिस्थितियों और कड़ाके की ठंड के बावजूद लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए संत समुदाय का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि ऐसा पोलिंग बूथ, जहां शत-प्रतिशत मतदाता साधना में लीन संत और संन्यासी हों, भारतीय लोकतंत्र की विविधता और मजबूती का अनूठा उदाहरण है।
इसके अलावा मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने धर्मपत्नी के साथ Gangotri Temple पहुंचकर मां गंगा के दर्शन किए और विशेष पूजा-अर्चना कर देश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
देर शाम हर्षिल में उन्होंने मुख्य निर्वाचन अधिकारी से आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा भी की। बैठक में एसआईआर मैपिंग, एएसडीडी सूची और अन्य चुनावी तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान प्रशासनिक और निर्वाचन विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।
रविवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त देहरादून में विशेष गहन पुनरीक्षण से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा करेंगे।
#AnujTyagiPost #RajsattaPost #Uttarkashi #Gangotri #Harsil #ElectionCommission #Uttarakhand #IndiaNews

