सिंचाई विभाग की बड़ी लापरवाही : सड़क पर पड़ा मलबा हादसों को दे रहा न्यौता, आवागमन में भारी परेशानी
संवाददाता | राजसत्ता पोस्ट
मुजफ्फरनगर के चरथावल क्षेत्र की नहर बस्ती में सिंचाई विभाग की घोर लापरवाही उजागर हुई है। करीब दो महीने पहले बाउंड्री निर्माण का काम पूरा कर लेने के बावजूद विभाग ने मलबा सड़क पर ही छोड़ दिया, जिससे आम लोगों की जान जोखिम में डाल दी गई है।
सड़क पर फैले निर्माण मलबे ने पूरे रास्ते को संकरा और खतरनाक बना दिया है। हालात ऐसे हैं कि रोजाना स्कूली बच्चे, बुजुर्ग और कामकाजी लोग इसी जोखिम भरे रास्ते से गुजरने को मजबूर हैं। दोपहिया वाहन चालक कई बार फिसलकर गिर चुके हैं, लेकिन विभाग की नींद अब तक नहीं टूटी है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जिम्मेदार अधिकारी आंख मूंदे बैठे हैं और किसी बड़े हादसे का इंतजार करते नजर आ रहे हैं। स्थानीय लोगों में इस लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश है।
सबसे हैरानी की बात यह है कि सरकारी धन से हुए निर्माण के बाद उसकी जिम्मेदारी लेने को कोई तैयार नहीं है। न तो मलबा हटाया गया और न ही सड़क को सुरक्षित बनाने की कोई कोशिश की गई।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि तुरंत मलबा हटाकर रास्ता साफ कराया जाए और लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की गैर-जिम्मेदारी दोबारा न हो।

