द बिगेस्ट एजुकेशन फेयर एंड फेलिसिटेशन सेरेमनी का भव्य आयोजन 
असलम त्यागी
मुजफ्फरनगर 6 अप्रैल 2026। अपना एडमिशन अड्डा एवं संस्कार एजुकेशनल फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में “द बिगेस्ट एजुकेशन फेयर एंड फेलिसिटेशन सेरेमनी” का भव्य आयोजन न्यू मंडी स्थित आशीर्वाद बैंक्वेट हॉल में हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में मार्गदर्शन प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त करना रहा।
कार्यक्रम में देश के 12 प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों एवं उच्च शिक्षण संस्थानों ने प्रतिभाग किया। विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों ने विभिन्न प्रोफेशनल एवं अकादमिक कोर्सेज की विस्तृत जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को करियर चयन में उचित दिशा प्रदान की। इस दौरान छात्रों ने भी उत्साहपूर्वक अपने प्रश्न पूछे और विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कपिलदेव अग्रवाल सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
अपने संबोधन में मंत्री ने शिक्षा को जीवन का आधार बताते हुए कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में सही मार्गदर्शन और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि देवव्रत त्यागी, अनिल त्यागी, सचिन त्यागी, कुश पुरी, स्वामी तेजश्वरानंद एवं डॉ राजीव कुमार सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ वीरपाल निर्वाल ने की, जबकि एचआरआईटी यूनिवर्सिटी के चांसलर एवं पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ अनिल अग्रवाल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में जिले के 50 से अधिक प्रधानाचार्यों, शिक्षकों तथा 1000 से अधिक विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया, जिससे आयोजन की भव्यता और महत्व का अंदाजा लगाया जा सकता है। काउंसलर समृद्धि त्यागी द्वारा स्वागत भाषण के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की गई, जिसमें उन्होंने विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रधानाचार्यों, शिक्षकों, विश्वविद्यालय प्रतिनिधियों तथा सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ राजीव कुमार द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया, जिससे पूरे आयोजन में अनुशासन और उत्साह बना रहा।
कार्यक्रम की विशेष आकर्षण लकी ड्रॉ रहा, जिसमें 2 लैपटॉप, 10 स्मार्टफोन एवं 50 से अधिक आकर्षक उपहार विजेता विद्यार्थियों को प्रदान किए गए। इसके अलावा सभी प्रतिभागियों को रिफ्रेशमेंट एवं स्मृति-चिह्न भी वितरित किए गए।
अंत में आयोजक समृद्धि त्यागी एवं वैशाली चौधरी द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया, जिसमें उन्होंने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम की सफलता के पीछे आयोजन समिति की कड़ी मेहनत और सुनियोजित प्रयास स्पष्ट रूप से देखने को मिले।

