लोकमाता अहिल्याबाई चौक पर बाबू हुकुम सिंह के नाम अंकन की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा
मुज़फ्फरनगर।
राष्ट्रीय गुर्जर महासभा द्वारा जननायक स्वर्गीय बाबू हुकुम सिंह के सम्मान में लोकमाता देवी अहिल्याबाई चौक (अस्पताल चौराहा) के अनावरण शिलापट पर उनका नाम अंकित किए जाने की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री कपिल देव अग्रवाल को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में महासभा की ओर से अवगत कराया गया कि उक्त चौक के निर्माण एवं विकास में बाबू हुकुम सिंह का अत्यंत महत्वपूर्ण एवं अविस्मरणीय योगदान रहा है। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार में संसदीय कार्य, मनोरंजन कर, स्टाम्प एवं न्यायालय शुल्क मंत्री जैसे महत्वपूर्ण विभागों का दायित्व संभाला। इसके अलावा खाद्य एवं रसद आपूर्ति, पशुपालन एवं कृषि जैसे अहम विभागों की जिम्मेदारी भी निभाई।
राजनीतिक जीवन में वे लोक लेखा समिति के अध्यक्ष तथा विधानमंडल दल के उपनेता के रूप में भी सक्रिय रहे और प्रदेश की राजनीति में एक सशक्त स्तंभ के रूप में अपनी पहचान स्थापित की।
महासभा ने ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया कि लोकमाता देवी अहिल्याबाई चौक के निर्माण में उनकी निर्णायक भूमिका रही थी तथा उद्घाटन भी उनके द्वारा ही किया गया था। उन्होंने हमेशा सर्व समाज को साथ लेकर चलने का कार्य किया और जनसेवा की उत्कृष्ट मिसाल पेश की।
ज्ञापन में अनुरोध किया गया कि वर्तमान में जब चौक का जीर्णोद्धार कर अनावरण शिलापट स्थापित किया जा रहा है, तब बाबू हुकुम सिंह के योगदान का सम्मान करते हुए उनका नाम प्रमुखता से अंकित किया जाए।
इस अवसर पर राष्ट्रीय गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी रविंदर सिंह गुर्जर, राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी ओमपाल आर्य, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चौधरी रामफल दरोगा तथा राष्ट्रीय महामंत्री कुलदीप नागर ने संयुक्त रूप से मंत्री के समक्ष अपनी बात रखी और ज्ञापन सौंपा।

