13 अप्रैल को सीएम योगी आदित्यनाथ व केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी करेंगे बृहद रोजगार मेले का शुभारंभ, जनसभा को करेंगे संबोधित — मंत्री कपिल देव अग्रवाल

मुजफ्फरनगर, 7 अप्रैल। आगामी 13 अप्रैल को प्रस्तावित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी की जनसभा को ऐतिहासिक, सुव्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मेरठ रोड स्थित लोक निर्माण विभाग गेस्ट हाउस में एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई।

बैठक में भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय लोक दल के जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ पदाधिकारियों तथा प्रशासनिक अधिकारियों—जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सहभागिता करते हुए कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। कार्यक्रम को लेकर सभी स्तरों पर बेहतर समन्वय और समयबद्ध तैयारियों पर विशेष जोर दिया गया।

इस अवसर पर मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि 13 अप्रैल को आयोजित इस कार्यक्रम में बृहद रोजगार मेले का शुभारंभ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस रोजगार मेले के माध्यम से क्षेत्र के हजारों युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को नई गति मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि यह जनसभा युवाओं के लिए विशेष रूप से लाभकारी सिद्ध होगी।

बैठक में केबिनेट मंत्री अनिल कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, लोकदल जिलाध्यक्ष संजय राठी, जिला पंचायत अध्यक्ष वीरपाल निर्वाल, लोकदल क्षेत्रीय मंत्री तिरसपाल मलिक, प्रभात तोमर, पूर्व चेयरमैन डॉ. सुभाष शर्मा, पूर्व विधायक उमेश मलिक, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष रूपेंद्र सैनी, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष कार्तिक काकरान,विकास कादियान अजय सागर,विदित मलिक,अमरनाथ पाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान जनसभा स्थल की व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। सुदृढ़ सुरक्षा प्रबंध, सुचारु यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था, मंच संचालन, पेयजल, चिकित्सा सेवाएं, स्वच्छता व्यवस्था तथा व्यापक जनसंपर्क अभियान को लेकर विभागवार जिम्मेदारियां तय की गईं और समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए।

अंत में सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने आपसी समन्वय, प्रतिबद्धता और सक्रिय सहभागिता के साथ कार्यक्रम को भव्य, गरिमामय एवं ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।

#AnujTyagiPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *