वरिष्ठ पत्रकार अमीश राय ने Network18 जॉइन किया, मनीकंट्रोल हिंदी के हेड बने
नई दिल्ली।
वरिष्ठ पत्रकार अमीश राय ने देश के प्रमुख मीडिया समूह Network18 के साथ अपनी नई पारी की शुरुआत कर दी है। उन्होंने समूह की प्रतिष्ठित बिजनेस न्यूज वेबसाइट Moneycontrol (हिंदी) में बतौर हेड अपनी जिम्मेदारी संभाल ली है। इस संबंध में जानकारी उन्होंने खुद सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की।
अमीश राय ने अपनी पोस्ट में बताया कि वह मनीकंट्रोल हिंदी डेस्क का नेतृत्व करते हुए ऐसी खबरों को प्राथमिकता देंगे, जो भारत और भारतीय दर्शकों से सीधे तौर पर जुड़ी हों। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी टीम का फोकस घरेलू आर्थिक नीतियों, कॉरपोरेट सेक्टर के विकास, राजनीतिक घटनाक्रम, चुनावी माहौल, सरकारी फैसलों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत से जुड़े व्यापार, कूटनीति और जियोपॉलिटिकल विषयों पर रहेगा।
उन्होंने कहा कि देश के अग्रणी फाइनेंशियल न्यूज प्लेटफॉर्म पर हिंदी कंटेंट का नेतृत्व करना उनके लिए गर्व की बात है। उनका उद्देश्य देश और विदेश में मौजूद करोड़ों हिंदी पाठकों और निवेशकों तक सटीक, विश्वसनीय और उपयोगी खबरें व विश्लेषण पहुंचाना होगा, ताकि वे बेहतर आर्थिक और निवेश संबंधी निर्णय ले सकें।
गौरतलब है कि अमीश राय इससे पहले India Today Group के TAK क्लस्टर (UP Tak/News Tak) में एसोसिएट एग्जिक्यूटिव प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत थे। हाल ही में उन्होंने इस पद से इस्तीफा दिया था। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता को मजबूत करने, हाइपरलोकल से लेकर अंतरराष्ट्रीय मुद्दों तक प्रभावी और तेज़ कंटेंट तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
करीब 16 वर्षों के अपने पत्रकारिता करियर में अमीश राय दैनिक जागरण, Times Internet और मैग्नॉन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ भी काम कर चुके हैं। उन्हें प्रिंट, टीवी और डिजिटल मीडिया तीनों क्षेत्रों का गहरा अनुभव है, साथ ही हिंदी कंटेंट निर्माण और लोकलाइजेशन में उनकी विशेष पकड़ मानी जाती है।
मीडिया जगत में उनके इस नए कदम को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उम्मीद की जा रही है कि उनके नेतृत्व में मनीकंट्रोल हिंदी प्लेटफॉर्म और अधिक मजबूत होगा तथा हिंदी भाषी पाठकों के बीच अपनी पकड़ को और विस्तार देगा।
राजसत्ता पोस्ट की ओर से अमीश राय को उनकी नई जिम्मेदारी के लिए हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं।
#AmishRai #Network18 #MoneycontrolHindi #MediaNews #Journalism #AnujTyagiPost

