मुजफ्फरनगर में चौधरी चरण सिंह पर टिप्पणी को लेकर उबाल, कई थानों में उमड़ा जनसैलाब; राम अवतार पलसानिया के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने को दी गई तहरीर
मुजफ्फरनगर।
जनपद मुजफ्फरनगर में आज विभिन्न स्थानों पर ग्रामीणों और आम जनता में उस समय जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला, जब गत दिनों भारत रत्न परम श्रद्धेय चौधरी चरण सिंह जी पर की गई अमर्यादित एवं अशोभनीय टिप्पणी के विरोध में लोग सड़कों पर उतर आए। जाट संसद के संस्थापक सदस्य राम अवतार पलसानिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर जनपद के कई थानों में बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हुए और लिखित तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
बताया जा रहा है कि एक दिन पूर्व राम अवतार पलसानिया द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भारत रत्न चौधरी चरण सिंह के संबंध में आपत्तिजनक एवं अशोभनीय टिप्पणी की गई थी। जैसे ही यह टिप्पणी आमजन के बीच पहुंची, वैसे ही पूरे क्षेत्र में आक्रोश की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों, किसानों और चौधरी चरण सिंह के समर्थकों ने इसे न केवल एक महान किसान नेता का अपमान बताया, बल्कि समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य भी करार दिया।

इसी के विरोध में आज मुजफ्फरनगर जनपद के अलग-अलग क्षेत्रों से लोग अपने-अपने नजदीकी थानों पर पहुंचे, जहां उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर सौंपी। कई स्थानों पर भारी संख्या में लोगों की मौजूदगी के चलते माहौल गंभीर बना रहा, हालांकि पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में स्थिति पूरी तरह नियंत्रित रही।
ग्रामीणों द्वारा दी गई तहरीर में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया कि राम अवतार पलसानिया की इस तरह की टिप्पणी से समाज में जातीय वैमनस्य फैल सकता है और सामाजिक सौहार्द को गहरा नुकसान पहुंच सकता है। साथ ही यह भी कहा गया कि इस बयान से चौधरी चरण सिंह के करोड़ों अनुयायियों की धार्मिक एवं सामाजिक भावनाएं आहत हुई हैं, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने प्रशासन से मांग की कि आरोपी के खिलाफ तत्काल प्रभाव से एफआईआर दर्ज कर कठोर से कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस प्रकार की अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने से पहले सौ बार सोचे। उन्होंने यह भी कहा कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो जनआक्रोश और भी उग्र रूप ले सकता है।
वहीं, संबंधित थाना प्रभारियों ने मौके पर मौजूद लोगों को आश्वस्त किया कि प्राप्त तहरीरों के आधार पर मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी और विधिक प्रक्रिया के तहत शीघ्र ही रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने यह भी भरोसा दिलाया कि कानून व्यवस्था को किसी भी स्थिति में प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद जनपद में चर्चा का माहौल बना हुआ है और सभी की नजरें अब प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।
#AnujTyagiPost

