गऊशाला के नाम पर 28.50 लाख की ठगी का खुलासा, 24 घंटे में सरगना समेत 7 गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर, 19 मार्च।
जनपद में गऊशाला के लिए जमीन दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले शातिर गिरोह का थाना भोपा पुलिस ने 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने गिरोह के सरगना सहित कुल सात अभियुक्तों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 22 लाख रुपये नकद, कंप्यूटर उपकरण तथा फर्जी आधार कार्ड बरामद किए हैं।

इस संबंध में 18 मार्च को निर्मोही अखाड़ा, शुकतीर्थ निवासी विष्णुदास ने थाना भोपा में तहरीर देकर बताया कि हासिम और उसके साथियों ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर गऊशाला के लिए जमीन दिलाने के नाम पर उससे 28 लाख 50 हजार रुपये ठग लिए। विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। तहरीर के आधार पर थाना भोपा पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से एक फर्जी जमीन मालिक तैयार किया और उसके नाम से फर्जी आधार कार्ड बनवाया। 42 बीघा जमीन और हजारों पेड़ों का लालच देकर पीड़ित को झांसे में लिया गया। इसके बाद फर्जी इकरारनामा तैयार कर मौके पर ही 28.50 लाख रुपये ले लिए गए। ठगी के बाद इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबरों की सिम तोड़कर नष्ट कर दी गईं, ताकि कोई संपर्क न कर सके।
गठित टीम ने 19 मार्च को मुखबिर की सूचना पर तुगलकपुर रोड, सीकरी स्थित एक मुर्गा फार्म पर दबिश देकर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके से 22 लाख रुपये नकद, एक मॉनिटर, सीपीयू, प्रिंटर, कीबोर्ड, माउस और दो फर्जी आधार कार्ड बरामद किए हैं।

गिरफ्तार अभियुक्तों में हासिम निवासी नई बस्ती भोकरहेड़ी (गिरोह सरगना), प्रवीन, दिलशाद, सुखविंदर, फैजाव, रवीश निवासीगण भोकरहेड़ी थाना भोपा तथा अब्दुल कादिर निवासी किशनपुर जमालपुर थाना भगवानपुर, जनपद हरिद्वार शामिल हैं। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।

कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन और पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में की गई। टीम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल, क्षेत्राधिकारी भोपा देववृत्त वाजपेई तथा थाना प्रभारी भोपा जसवीर सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

इस सराहनीय कार्य के लिए थाना भोपा पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया है।

