लड़की की बरामदगी को लेकर भाकियू सर्व का जनसंपर्क तेज, 25 मार्च को एसएसपी कार्यालय पर धरने की चेतावनी
असलम त्यागी |चरथावल
मुजफ्फरनगर।चरथावल थाना क्षेत्र के ग्राम रोनी हरजीपुर से तीन माह पूर्व एक लड़की को गांव के ही युवक द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में भाकियू सर्व ने जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। संगठन के पदाधिकारी क्षेत्र के विभिन्न गांवों में पहुंचकर लोगों से समर्थन मांग रहे हैं और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं।
भाकियू सर्व के युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष सतीश भारद्वाज ने बताया कि मामले में कई जनप्रतिनिधियों व समाज के लोगों का समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर के शिशु प्रधान, रामपुर के प्रधान विनोद भारद्वाज, मेंदपुर के प्रधान ओमदत्त शर्मा, रामपुर के युवा नेता विशाल ठाकुर तथा दूधली गांव के मास्टर सोनवीर पुंडीर ने भी इस लड़ाई में साथ देने का आश्वासन दिया है।
सतीश भारद्वाज ने कहा कि यदि जल्द ही लड़की की सकुशल बरामदगी नहीं होती है तो 25 मार्च को मुजफ्फरनगर स्थित एसएसपी कार्यालय पर सर्व समाज के लोगों के साथ धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए संगठन का संघर्ष जारी रहेगा।

