चरथावल में अवैध अस्पतालों और लैब पर किसान नेता ने प्रशासन को चेतावनी दी, की जाए कड़ी कार्रवाई
असलम त्यागी |चरथावल
मुजफ्फरनगर जनपद के कस्बा चरथावल क्षेत्र में कानून की धज्जियां उड़ाते हुए अवैध रूप से संचालित हो रहे अस्पतालों और लैबों को लेकर शाकिर मुखिया, प्रदेश अध्यक्ष, भारतीय किसान यूनियन (आंदोलनकारी) ने न केवल गंभीर आरोप लगाए हैं बल्कि प्रशासन पर कार्रवाई में सुस्ती बरतने का आरोप भी लगाया है।
मुखिया ने कहा कि क्षेत्र में कई अस्पताल और लैब बिना किसी वैध लाइसेंस के खुलेआम संचालित हो रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इन संस्थानों में सुरक्षा और स्वास्थ्य मानकों की पूर्ण उपेक्षा की जा रही है, जिससे आम जनता की जान और स्वास्थ्य गंभीर खतरे में है। उनके अनुसार, इस अवैध संचालन में कुछ स्थानीय अधिकारी भी संरक्षण दे रहे हैं, जिससे मामला और गंभीर हो जाता है।
शाकिर मुखिया ने खास तौर पर एक किसान नेता पर भी हमला बोला और कहा कि वह अवैध रूप से अस्पताल चला रहा है, जो स्वास्थ्य और स्वच्छता के दृष्टिकोण से पूरी तरह अस्वीकार्य है। “यह केवल नियमों की अनदेखी नहीं है, बल्कि जनता की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है,” उन्होंने कहा।
शाकिर मुखिया ने जिला चिकित्सा अधिकारी और संबंधित अधिकारियों से तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि प्रशासन को ऐसे अवैध संस्थानों की जाँच कर उन्हें तुरंत बंद करना चाहिए और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करनी चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि अगर प्रशासन ने समय रहते कार्रवाई नहीं की, तो वे अकेले नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के किसानों और जनता के साथ मिलकर विरोध-आंदोलन शुरू करेंगे और इस मुद्दे को जनआंदोलन का रूप देंगे। उनका यह तेवर साफ संकेत देता है कि चरथावल में कानून की अवहेलना बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

