तेज रफ्तार कार पलटने से 2 युवकों की मौत, चार घायल; दो की हालत गंभीर
असलम त्यागी |चरथावल
मुज़फ्फरनगर जनपद के चरथावल थाना क्षेत्र के बिरालसी और ज्ञाना माजरा के बीच चरथावल–थानाभवन मार्ग पर गुरुवार को तेज रफ्तार होंडा सिटी कार अनियंत्रित होकर पलट गई। बताया जा रहा है कि कार तेज गति में होने के कारण नियंत्रण खो बैठी और कई पलटे खाते हुए सड़क किनारे जा गिरी। हादसे के समय कार में कुल छह लोग सवार थे।
दुर्घटना में नानौता के मोहल्ला अफगान निवासी नितिन (24) पुत्र अनिल और हरियाणा के जगाधरी वर्कशॉप निवासी बादल (23) पुत्र लक्ष्मण की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कार में फंसे घायलों को बाहर निकालकर मदद की।
हादसे में नानौता के मोहल्ला अफगान निवासी आशु (32) पुत्र अनिल और शुभम (33) पुत्र सुदेश को मामूली चोटें आईं। वहीं कपिल (32) पुत्र सोमपाल निवासी मोहल्ला अफगान, नानौता और विशाल (30) पुत्र सतपाल निवासी मोहल्ला बख्शी, थाना फर्रुखपुर, यमुनानगर (हरियाणा) की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
सूचना पर बिरालसी चौकी प्रभारी कुलदीप परिहार, हिंडन चौकी प्रभारी और कस्बा चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया और मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।

