ट्रक ड्राइवर की बेटी फ़ैरुज़ फ़ातिमा त्यागी ने 788 अंक के साथ UPSC किया क्लियर, हासिल की 708वीं रैंक
हरिद्वार: रुड़की के पिरान कलियर की रहने वाली फ़ैरुज़ फ़ातिमा त्यागी ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की प्रतिष्ठित परीक्षा में 788 अंक प्राप्त कर 708वीं रैंक हासिल की है। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने मेहनत, लगन और मजबूत इरादों के दम पर यह सफलता हासिल की।
फ़ैरुज़ फ़ातिमा त्यागी के पिता इक़बाल अहमद पेशे से ट्रक ड्राइवर हैं। आर्थिक चुनौतियों के बावजूद उन्होंने अपनी बेटी की पढ़ाई में कभी कमी नहीं आने दी। पिता की मेहनत और विश्वास ने ही फ़ैरुज़ को आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
फ़ैरुज़ पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी आगे रही हैं और उत्तराखंड की रग्बी खिलाड़ी के रूप में भी अपनी पहचान बना चुकी हैं। इससे पहले वर्ष 2024 में उनका चयन भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) में डिप्टी मैनेजर पद पर हुआ था, जहां वह वर्तमान में तैनात हैं।
उनकी इस उपलब्धि से पिरान कलियर और आसपास के क्षेत्र में खुशी का माहौल है। परिवार को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है और क्षेत्रवासी उनकी सफलता को बेटियों के लिए प्रेरणा बता रहे हैं।
#UPSC #IAS #SuccessStory #Haridwar #Roorkee #PiranKaliyar #Inspiration #AnujTyagiPost

