हरिद्वार में ‘जन-जन की सरकार : चार साल बेमिसाल’ कार्यक्रम , अमित शाह करेंगे जनसभा को संबोधित
देहरादून/हरिद्वार। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शनिवार 7 मार्च को हरिद्वार में आयोजित कार्यक्रम ‘जन-जन की सरकार : चार साल बेमिसाल’ में प्रतिभाग करेंगे। कार्यक्रम को लेकर शासन-प्रशासन की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। हरिद्वार के बैरागी कैंप में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के लिए पूरे शहर को सजाया-संवारा जा रहा है।
कार्यक्रम से एक दिन पूर्व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने बैरागी कैंप में प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण करते हुए जनसभा स्थल, मंच, प्रदर्शनी क्षेत्र, पार्किंग व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, पेयजल और विद्युत आपूर्ति सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कार्यक्रम की रूपरेखा और व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली तथा निर्देश दिए कि आयोजन के सुव्यवस्थित और सुचारु संचालन के लिए सभी व्यवस्थाओं का वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा भलीभांति परीक्षण कर लिया जाए। उन्होंने आमजन की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अमित शाह बैरागी कैंप में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। इस अवसर पर वे राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में लगाई जा रही विकास प्रदर्शनी तथा नई न्याय संहिताओं पर आधारित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन भी करेंगे। साथ ही राज्य के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे।
मुख्यमंत्री के निरीक्षण के दौरान वन मंत्री सुबोध उनियाल, भाजपा प्रदेश संगठन मंत्री अजय कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल गोयल, उपाध्यक्ष आपदा प्रबंधन विनय रोहिला, विधायक रानीपुर आदेश चौहान, हरिद्वार नगर निगम की मेयर किरन जैसल, रुड़की नगर निगम की मेयर अनीता देवी, ऋषिकेश नगर पालिका अध्यक्ष शंभू पासवान, पूर्व विधायक स्वामी यतीश्वरानंद, भाजपा हरिद्वार जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, गढ़वाल मंडल आयुक्त विनय शंकर पाण्डे, एडीजी अजय प्रकाश अंशुमन, पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल राजीव स्वरूप, कुंभ मेलाधिकारी सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, अपर सचिव पर्यटन अभिषेक रूहेला, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर, एमडी सिडकुल सौरभ गहरवार, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा, अपर जिलाधिकारी पी.आर. चौहान, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, सचिव एचआरडीए मनीष कुमार, उपजिलाधिकारी जितेन्द्र कुमार और एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
#AnujTyagiPost 📰

