UPSC में 69वीं रैंक पाने वाले अनुज पंत को मुख्यमंत्री धामी ने दी बधाई
देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा में 69वीं रैंक प्राप्त करने वाले चंपावत जनपद के बाराकोट विकासखंड स्थित झूलापे गांव निवासी अनुज पंत से दूरभाष पर वार्ता कर उन्हें हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संघ लोक सेवा आयोग जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में उत्कृष्ट सफलता प्राप्त करना अत्यंत गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि अनुज पंत का भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयन प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल चंपावत जनपद बल्कि पूरे उत्तराखंड का मान बढ़ा है।
मुख्यमंत्री धामी ने विश्वास जताया कि अनुज पंत अपनी प्रतिभा, परिश्रम और समर्पण के बल पर प्रशासनिक सेवा में उत्कृष्ट कार्य करते हुए देश और प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है, ताकि उत्तराखंड की प्रतिभाएं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता का परचम लहरा सकें।
इस दौरान अनुज पंत ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के प्रोत्साहन से उन्हें आगे भी देश सेवा के लिए और अधिक प्रेरणा मिलेगी।
#AnujTyagiPost 📰

