केंद्र से 500 करोड़ की स्वीकृति: कुंभ मेला 2027 को दिव्य-भव्य बनाने में जुटी धामी सरकार

देहरादून। मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने उत्तराखण्ड में प्रस्तावित कुंभ मेला 2027 की तैयारियों के लिए भारत सरकार द्वारा 500 करोड़ रुपये की धनराशि जारी किए जाने पर प्रधानमंत्री Narendra Modi और केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ मेला केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारत की सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक परंपरा और सामाजिक समरसता का विश्वविख्यात महापर्व है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा स्वीकृत यह धनराशि कुंभ मेला 2027 को दिव्य, भव्य और सुव्यवस्थित स्वरूप प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

धामी ने कहा कि इस राशि से आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण, यातायात प्रबंधन, पेयजल आपूर्ति, स्वच्छता व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन तथा श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े कार्यों को गति मिलेगी। साथ ही आधुनिक तकनीक आधारित निगरानी व्यवस्था, आपदा प्रबंधन की तैयारियों और पर्यावरण संरक्षण के उपायों को भी सशक्त किया जाएगा, जिससे आयोजन सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार निरंतर उत्तराखण्ड के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। चारधाम परियोजना, ऑल वेदर रोड, रेल एवं हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार सहित अनेक विकास कार्यों में केंद्र का सहयोग राज्य के लिए संबल सिद्ध हुआ है। कुंभ मेला 2027 के सफल आयोजन के लिए प्राप्त यह आर्थिक सहयोग राज्य सरकार के संकल्प को और मजबूती प्रदान करेगा।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से कुंभ मेला 2027 ऐतिहासिक, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन के रूप में स्थापित होगा तथा देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को उत्कृष्ट सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्ता पूर्ण कार्य सुनिश्चित करते हुए कुंभ मेला 2027 को वैश्विक स्तर पर आदर्श आयोजन के रूप में स्थापित करने के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है।

#AnujTyagiPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *