बालावाला में विराट हिन्दू सम्मेलन: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बोले—एकता और सांस्कृतिक चेतना का महापर्व

देहरादून, रविवार 22 फरवरी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बालावाला, देहरादून में आयोजित विराट हिन्दू सम्मेलन में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह केवल एक सम्मेलन नहीं, बल्कि हिंदू समाज की चेतना, एकता और आत्मगौरव का महापर्व है। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज आज जागृत, समर्पित और संगठित होकर धर्म, संस्कृति और राष्ट्र के प्राचीन वैभव की पुनर्स्थापना के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उनके लिए गर्व का विषय है कि वे विश्व के सबसे बड़े स्वयंसेवी संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि संघ ने अपने 100 वर्षों की यात्रा में देश के सांस्कृतिक मूल्यों को पुनर्जीवित करने और राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया है। शिक्षा, कृषि, ग्राम विकास, समाज कल्याण, महिला सशक्तिकरण, आदिवासी उत्थान, सेवा कार्य, कला और विज्ञान जैसे विभिन्न क्षेत्रों में स्वयंसेवकों का योगदान उल्लेखनीय रहा है।

उन्होंने कहा कि भारत विविधताओं से परिपूर्ण देश है, जहां भाषा, संस्कृति, जाति और क्षेत्र के आधार पर अनेक भिन्नताएं हैं। इन सबके बावजूद राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने सदैव भेदभाव से ऊपर उठकर भारत की एकात्मता को मजबूत करने का कार्य किया है और “एक भारत-श्रेष्ठ भारत” की भावना को सशक्त किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाषाएं, परंपराएं, पूजा-पद्धतियां और जीवन शैली अलग-अलग हो सकती हैं, लेकिन मूल मानवीय मूल्य एक समान रहते हैं। उन्होंने कहा कि इसी व्यापक भावना का स्वरूप हिंदुत्व है। जो भारत को अपनी मातृभूमि और पितृभूमि मानता है, इसकी संस्कृति और परंपराओं का सम्मान करता है, उसकी पूजा-पद्धति चाहे कोई भी हो, उसकी आत्मा हिंदू है। हिंदुत्व हमें एकता, समरसता और सांस्कृतिक गौरव का संदेश देता है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार देवभूमि के मूल स्वरूप को बनाए रखने के लिए लगातार कदम उठा रही है। सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगारोधी कानून तथा ऑपरेशन कालनेमी के माध्यम से सनातन धर्म को बदनाम करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। देश में सबसे पहले समान नागरिक संहिता लागू कर सभी नागरिकों को समान अधिकार देने का कार्य किया गया। मदरसा बोर्ड को समाप्त कर सभी संप्रदायों के बच्चों के लिए समान शिक्षा व्यवस्था की नींव रखी गई है। साथ ही राज्य में “हिंदू स्टडी सेंटर” की स्थापना कर सनातन संस्कृति से जुड़े विषयों पर शोध करने वाले युवाओं को सहयोग दिया जा रहा है।

कार्यक्रम में विधायक बृज भूषण गैरोला, पार्षद प्रशांत खरोला, ब्रह्मचारी केशर स्वरूप, ललित बुड़ाकोटी, सुभाष बड़थ्वाल, गोपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

#PushkarSinghDhami #Dehradun #Uttarakhand
#AnujTyagiPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *