पुष्कर सिंह धामी ने चिन्यालीसौड़ में ‘जन-जन की सरकार’ अभियान का शुभारंभ किया, 600 से अधिक शिविरों का दावा
चिन्यालीसौड़ (उत्तरकाशी)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को विकास खंड परिसर चिन्यालीसौड़ में आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान विभागीय स्टालों का निरीक्षण कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अभियान से आमजन को राहत मिली है और प्रशासनिक व्यवस्था अधिक सुगम व पारदर्शी हुई है। अब तक 600 से अधिक शिविर आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें पांच लाख से ज्यादा लोगों ने भाग लिया। 40 हजार से अधिक लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का सीधा लाभ प्रदान किया गया है। उन्होंने कहा कि दूर-दराज के ग्रामीणों को छोटी समस्याओं के लिए जिला मुख्यालय न जाना पड़े, इसी उद्देश्य से गांव-गांव शिविर लगाए जा रहे हैं।
हेली सेवा के विस्तार पर उन्होंने कहा कि चिन्यालीसौड़ और गौचर हवाई पट्टी से हेली सेवा शुरू करने की योजना है, जिसे सेना के माध्यम से संचालित किया जाएगा। अप्रैल से शुरू होने वाली चारधाम यात्रा की तैयारियां भी पहले से की जा रही हैं ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि यात्रा संचालन में स्थानीय हितधारकों, तीर्थ पुरोहितों, होटल और परिवहन व्यवसायियों की अहम भूमिका रहेगी।
महिला सशक्तिकरण का उल्लेख करते हुए बताया कि राज्य में दो लाख से अधिक ‘लखपति दीदी’ को सशक्त किया जा चुका है और महिला समूहों के उत्पादों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय बाजार दिलाने की दिशा में कार्य हो रहा है।
स्थानीय मांगों पर मुख्यमंत्री ने सीएचसी चिन्यालीसौड़ और महाविद्यालय के उच्चीकरण को सीएम घोषणा में शामिल करने का आश्वासन दिया। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने कहा कि अभियान के तहत संयुक्त टीमें बनाकर समस्याओं का समाधान किया जा रहा है और लंबित मामलों का ऑनलाइन फॉलोअप किया जाएगा।

कार्यक्रम में यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल सहित जनप्रतिनिधि और जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

