देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज उत्तरकाशी दौरे पर, ‘जन-जन की सरकार’ कार्यक्रम में करेंगे प्रतिभाग

राजधानी देहरादून से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज उत्तरकाशी जनपद के दौरे पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 11:20 बजे देहरादून हेलीपैड से हेलीकॉप्टर द्वारा प्रस्थान करेंगे और लगभग 11:50 बजे चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी, उत्तरकाशी पहुंचेंगे।

इसके बाद मुख्यमंत्री 12:10 बजे विकास खंड कार्यालय चिन्यालीसौड़ पहुंचकर “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे। इस दौरान वे स्थानीय जनता से संवाद करेंगे, विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे और क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।

कार्यक्रम के अंतर्गत स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक भी प्रस्तावित है, जिसमें विकास कार्यों, आधारभूत सुविधाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की जाएगी। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री क्षेत्र में चल रही परियोजनाओं की जमीनी स्थिति का फीडबैक भी लेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 1:10 बजे मुख्यमंत्री चिन्यालीसौड़ से हवाई पट्टी के लिए प्रस्थान करेंगे और 1:20 बजे देहरादून के लिए रवाना होंगे। उनका 1:50 बजे देहरादून हेलीपैड पर आगमन प्रस्तावित है।

मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रशासन और पुलिस को अलर्ट पर रखा गया है तथा कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं।


#Uttarakhand
#PushkarSinghDhami
#Dehradun

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *